धनबाद, नगर निगम ने नागरिकों को निगमीय सेवाएं उपलब्ध कराने व जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए नयी व्यवस्था लागू की है. इसके तहत नगर आयुक्त आशीष गंगवार प्रत्येक माह के हर गुरुवार को निगम के विभिन्न अंचल कार्यालयों में कैंप कार्यालय का संचालन करेंगे. सोमवार को जारी कार्यालय आदेश के अनुसार नगर आयुक्त पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर दो बजे तक संबंधित अंचल कार्यालय में उपस्थित रहकर आम लोगों और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों, आवेदनों एवं निगम से जुड़े मामलों की सुनवाई करेंगे तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे. प्रत्येक माह के प्रथम गुरुवार को सिंदरी अंचल, द्वितीय को झरिया अंचल, तृतीय को छाताटांड़ अंचल व चतुर्थ गुरुवार को कतरास अंचल कार्यालय में कैंप कार्यालय का संचालन किया जाएगा. नगर निगम मुख्यालय की सभी शाखाओं के नोडल व प्रभारी पदाधिकारियों के अलावा संबंधित अंचल के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, स्ट्रीट लाइट निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक, पाइपलाइन निरीक्षक तथा अन्य आवश्यक अधिकारी भी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे. संबंधित सहायक नगर आयुक्तों को लंबित मामलों की सूची, अद्यतन प्रतिवेदन एवं आवश्यक अभिलेख उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निष्पादन किया जा सके. नगर निगम की इस पहल से लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा और शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया भी तेज होगी.
Dhanbad News: अब हर गुरुवार अंचल कार्यालयों में बैठेंगे नगर आयुक्त, शिकायतों का होगा समाधान
Dhanbad News: सिंदरी, झरिया, छाताटांड़ व कतरास अंचल कार्यालयों में लगेगा निगम का कैंप, संबंधित सहायक नगर आयुक्तों को लंबित मामलों की सूची, अद्यतन प्रतिवेदन एवं आवश्यक अभिलेख उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है.
