धनबाद, जिले में शुक्रवार को मौसम ने करवट ली. सुबह से बादल छा गये. दिन के 10 बजे से मूसलाधार बारिश शुरू हो गयी. दोपहर दो बजे तक बारिश हुई. इस दौरान करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जिससे शहर के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया. तेज हवा व बारिश के कारण जगह-जगह पेड़ और बिजली के तार गिर गए, जबकि कई स्थानों पर जल जमाव से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
20 एमएम हुई बारिश, आज ओरेंज अलर्ट
जिले में एक दिन में औसत 20 एमएम से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गयी है. अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बारिश के बाद ठंड का अहसास हुआ. मौसम विभाग की मानें तो निम्न दबाव क्षेत्र अब मध्य पाकिस्तान के ऊपर स्थित चक्रवाती परिसंचरण से लेकर राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ से होते हुए आंतरिक ओडिशा तक फैला हुआ है. विभाग ने शनिवार को भी बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताते हुए ओरेंज अलर्ट जारी किया है. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है. विभाग की मानें तो दो मई तक बादलों के आने का दौर जारी रहेगा. इस दौरान बारिश के आसार बन रहे है.
कॉलोनियों में भरा पानी
बारिश का सबसे अधिक असर तपोवन कॉलोनी, ग्रेवाल कॉलोनी, नवाडीह समेत कई निचले इलाकों में देखने को मिला, जहां पानी भर जाने के कारण लोग अपने घरों कैद हो गये. वहीं न्यू बैंक कॉलोनी सरायढेला में पांच घरों में पानी घुस गया. परिवारों को घरों से पानी निकालने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी. लगातार बारिश के कारण सड़कों पर भी पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ.
जल जमाव से लोग परेशान
शहर के डीआरएम कार्यालय के पास, धनबाद क्लब के समीप, पुलिस लाइन, स्टीलगेट, बरमसिया समेत कई इलाकों में जल जमाव की स्थिति बन गयी. सड़क पर पानी भरने से वाहन चालकों और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. लोग पानी में उतर कर रास्ता पार करते दिखे.
पेड़ गिरा, सड़क जामसरायढेला गोल बिल्डिंग के पास एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया. इस कारण सरायढेला-गोविंदपुर मुख्य मार्ग में आवागमन प्रभावित रहा. एक लाइन बंद होने के कारण दूसरे लाइन में दोनों तरफ से गाड़ियों का प्रवेश होने लगा. इससे जाम की स्थिति बढ़ गयी. करीब दो घंटे के बाद पेड़ को काट कर सड़क से हटाया गया. इसके बाद आवागमन सामान्य हुआ. वहीं दूसरी ओर तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर बोर्ड और शेड भी गिर गए.घंटों बिजली रही गुलमौसम बदलते ही शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गयी. बारिश शुरू होते है सुबह 10 बजे से बिजली गुल हो गयी. हवा की गति थमने के बाद बिजली विभाग ने खराबी खोजने के लिए पेट्रोलिंग शुरू की. खराबी को दूर करने के बाद लाइन को चालू किया गया. दोपहर दो बजे गणेशपुर सर्किट से बिजली आपूर्ति शुरू हुई. वहीं पाथरडीह सर्किट ब्रेक डाउन होने के कारण सरायढेला इलाके में बिजली संकट गहरा गया. दोपहर 3.30 बजे सरायढेला के कई इलाकों में बिजली लौटी. हालांकि इसके बाद भी बिजली का आना-जाना लगा रहा.
