Dhanbad News: एसआइआर में पात्र मतदाताओं का नाम नहीं कटने दें : भूपेंद्र मरावी
Copied link
Dhanbad News: कांग्रेस ने की बीएलए-2 व विशेष पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा बैठक, पूरी निष्ठा के साथ अभियान में जुटे हैं कार्यकर्ता.
धनबाद, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान व बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) की भूमिका को लेकर सोमवार को बेकारबांध स्थित ब्लेसिंग हॉल में धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी की समीक्षा बैठक हुई. अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने की. मुख्य अतिथि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी व ग्रामीण जिला प्रभारी राकेश किरण महतो थे.
श्री मरावी ने कहा कि यह लोकतंत्र व मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा का महत्वपूर्ण समय है. कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र के सच्चे प्रहरी हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर सक्रिय रहकर मतदाताओं की सहायता करने व किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से हटने नहीं देने की अपील की. वहीं श्री महतो ने कहा कि जिले के सभी प्रखंडों में संगठन लगातार निगरानी कर रहा है और कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा के साथ अभियान में जुटने का निर्देश दिया गया है.
पार्टी मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध : संतोष सिंह
जिला अध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि पार्टी के बीएलए-2 कार्यकर्ता लगातार मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य पर नजर बनाये हुए हैं और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटे, इसके लिए घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं.
लोकतंत्र को मजबूत बनाने का लिया संकल्प
बैठक में जिला एवं प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ सभी नगर और प्रखंड कांग्रेस अध्यक्षों ने भाग लिया. इस दौरान बीएलए-2 के कार्यों तथा मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तार से समीक्षा की गयी. सभी पदाधिकारियों से क्षेत्रों की स्थिति और प्रगति रिपोर्ट ली व बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों की जानकारी ली गयी. सभी पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने और प्रत्येक पात्र मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस संगठन बूथ स्तर तक पूरी मजबूती के साथ कार्य करेगा. कार्यक्रम के अंत में पूर्व जिला महासचिव असद कलीम के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई. कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह, अशोक सिंह, युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव, मुख्तार खान, सुल्तान अहमद, शमशेर आलम, शाहिदा कमर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.