Dhanbad News: डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना, मोबाइल एप से जुटाया जाएगा डेटा
Dhanbad News: जनगणना 2027 के पहले चरण का प्रशिक्षण शुरू, मकान सूचीकरण व भवन गणना पर जोर, देश के विकास व नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाती है जनगणना.
By ANAND KUMAR UPADHYAY | Updated at :
धनबाद, भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण व मकानों की गणना को लेकर जिला, संबंधित अधिकारियों व तकनीकी सहायकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुक्रवार से समाहरणालय सभागार में शुरू हुआ. कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त आदित्य रंजन, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे व अपर समाहर्ता विनोद कुमार ने किया.
मोबाइल एप से किया जाएगा हर घर का सर्वे
जनगणना कार्य निदेशालय रांची से आये राष्ट्रीय प्रशिक्षक सह सहायक निदेशक मुरारी मोहन ने प्रतिभागियों को व्यावहारिक उदाहरणों के साथ पोर्टल और मोबाइल एप के माध्यम से मकान सूचीकरण व भवनों की गणना की प्रक्रिया समझायी. उन्होंने बताया कि इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होगी. प्रगणक मोबाइल एप के जरिये हर घर और हर ब्लॉक का डेटा संकलित करेंगे, जिससे सूचनाओं का संधारण तेज और अधिक सटीक तरीके से संभव होगा.
जनगणना के आंकड़े विकास योजनाओं का आधार
उपायुक्त श्री रंजन ने कहा कि जनगणना किसी भी देश के विकास के लिए योजनाओं और नीतियों के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही भविष्य की विकास योजनाएं और सरकारी नीतियां तय की जाती हैं. उन्होंने कहा कि करीब डेढ़ दशक के बाद यह जनगणना कार्यक्रम आयोजित हो रहा है, इसलिए सभी पदाधिकारी और कर्मी इसे पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करें.
प्रशिक्षण में डेटा संकलन की प्रक्रिया की जानकारी
उपायुक्त ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान बतायी जा रही सभी जानकारियों को ध्यानपूर्वक समझना आवश्यक है, ताकि क्षेत्र में कार्य के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो. प्रशिक्षण में जनगणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं, प्रश्नावली के उपयोग, डेटा संकलन की प्रक्रिया तथा क्षेत्र में कार्य करने के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी जा रही है. मौके पर जिला खेल पदाधिकारी सह सांख्यिकी पदाधिकारी उमेश लोहरा, सहायक नगर आयुक्त प्रसून कौशिक, प्रकाश कुमार सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी व अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे.