Dhanbad News: एआई आधारित ‘स्मार्ट लोन समाधान’ से प्रक्रिया होगी आसान
Dhanbad News: जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और लोन वितरण की प्रक्रिया को सरल व तेज बनाने के लिए अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित ‘स्मार्ट लोन समाधान’ प्रणाली लागू करने की तैयारी.
धनबाद, जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और लोन वितरण की प्रक्रिया को सरल व तेज बनाने के लिए अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित ‘स्मार्ट लोन समाधान’ प्रणाली लागू करने की तैयारी की जा रही है. इस संबंध में उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में स्मार्ट लोन समाधान को लेकर योजना की विस्तृत समीक्षा बैठक हुई. बताया गया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमइजीपी), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई), मुद्रा लोन सहित अन्य माइक्रो लोन के वितरण को आसान बनाने के लिए इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जाएगा.
एआई से तेज होगी जांच और स्वीकृति प्रक्रिया
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि स्मार्ट लोन समाधान के शुरू होने से एआई की मदद से लोन आवेदन प्राप्त करने, उसकी स्क्रूटनी, स्वीकृति और डिस्बर्समेंट की प्रक्रिया कम समय में पूरी हो सकेगी. इससे अधिक से अधिक लाभुक योजनाओं का फायदा उठा सकेंगे. एआई द्वारा प्रथम चरण में ही आवेदन की जांच होने से अस्वीकृति की संभावना भी कम होगी और बैंक अधिकारियों का समय भी बचेगा.
एआई करेगा दस्तावेज जांच व फेस वेरिफिकेशन
बताया गया कि आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले ए आई स्वयं आवेदक से बातचीत करेगा और आवश्यक दस्तावेज मांगेगा. इसके बाद दस्तावेजों का सत्यापन, सिविल स्कोर की जांच, पूर्व में लिए गए लोन की जानकारी, कोटेशन की जांच, फेस वेरिफिकेशन और व्यवसायिक स्थल का लाइव जियो टैग वीडियो तैयार किया जाएगा. यदि आवेदन पत्नी के नाम से होगा तो पति के दस्तावेज भी मांगे जाएंगे.
स्क्रूटनी के बाद बैंक तक पहुंचेगा आवेदन
एआई द्वारा प्रथम चरण की स्क्रूटनी पूरी कर 74 विभिन्न फील्ड में डाटा भरने के बाद आवेदन प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम) को भेजा जाएगा. इसके बाद आवेदन क्लस्टर स्तर पर जाएगा और सभी औपचारिकताएं सही पाए जाने पर बैंक को भेजा जाएगा. इस प्रक्रिया में योग्य आवेदन पहले ही स्वीकृत और अयोग्य आवेदन अस्वीकृत हो जाएंगे. बैठक में नगर आयुक्त आशीष गंगवार, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक राजेंद्र प्रसाद, एलडीएम अमित कुमार व बैंक ऑफ इंडिया, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया समेत अन्य बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक मौजूद थे.