Dhanbad Medical College, धनबाद : धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब झारखंड के चीफ सेक्रेटरी अविनाश कुमार अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गये. उनके साथ धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन, स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारी और जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे.
चीफ सेक्रेटरी के औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप
चीफ सेक्रेटरी के औचक दौरे की खबर मिलते ही अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया. विभिन्न विभागों में आनन-फानन में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गयी. चीफ सेक्रेटरी ने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, दवा वितरण केंद्र और विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया.
Also Read: खरसावां में ओड़िया नाट्य कलाकारों का जलवा, दूसरे दिन भी उमड़ी दर्शकों की भारी भीड़
मरीजों से भी की बातचीत
निरीक्षण के दौरान चीफ सेक्रेटरी ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, उपलब्ध संसाधनों और अस्पताल प्रबंधन की कार्यशैली की समीक्षा की. कुछ जगहों पर पायी गयी अव्यवस्था को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिये. इस दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत कर जमीनी हकीकत जानने की कोशिश की.
अधिकारियों के साथ कर रहे हैं बैठक
फिलहाल चीफ सेक्रेटरी अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं, जिसमें अस्पताल की व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने, चिकित्सकीय संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने पर चर्चा जारी है. उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि चीफ सेक्रेटरी के निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक कदम उठाए जायेंगे. इस औचक निरीक्षण और बैठकों से इतना तो साफ हो चुका है कि प्रशासन स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर गंभीर है. आने वाले समय में एसएनएमएमसीएच में व्यापक बदलाव और बेहतर व्यवस्थाएं देखने को मिल सकती हैं.
Also Read: धनबाद में दिल दहला देने वाली वारदात, युवक की गला रेतकर हत्या
