धनबाद. जिले के 12 सरकारी स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं के विकास और भवनों के उन्नयन का रास्ता साफ हो गया है. ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल ने करीब 6.72 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न निर्माण और मरम्मत कार्यों के लिए निविदा जारी की है. योजना के तहत निरसा, टुंडी, गोविंदपुर, बलियापुर, तोपचांची और धनबाद प्रखंड के चयनित विद्यालयों में भवन निर्माण, जीर्णोद्धार और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जायेगा.
विभाग के अनुसार, परियोजना का उद्देश्य विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करना और छात्रों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है. निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित एजेंसियों के माध्यम से कार्य शुरू कराया जायेगा.
कई स्कूलों में होगा भवन निर्माण और जीर्णोद्धार
योजना के तहत पीठाकियारी और लघाटा स्थित प्राथमिक विद्यालयों के भवनों का जीर्णोद्धार किया जायेगा. वहीं परसा और कोलटोला के विद्यालयों में निर्माण कार्य कराये जायेंगे. बड़ियो स्थित विद्यालय में चहारदीवारी, मुख्य गेट, चार अतिरिक्त कक्षों वाला भवन तथा किचन का निर्माण प्रस्तावित है. नारोडीह में चार अतिरिक्त कक्षों (एसीआर) के साथ किचन और शौचालय का निर्माण कराया जायेगा.
आधारभूत सुविधाओं पर रहेगा विशेष जोर
विद्यालयों में केवल कक्ष निर्माण तक कार्य सीमित नहीं रहेगा. विभिन्न स्कूलों में चहारदीवारी, किचन शेड, शौचालय, डीप बोरिंग, पेयजल सुविधा, विद्युत व्यवस्था, दिव्यांग अनुकूल रैंप, पार्किंग शेड और ओपन डाइनिंग शेड जैसी सुविधाएं भी विकसित की जायेंगी. कुछ विद्यालयों में पुराने भवनों की मरम्मत और संरचनात्मक सुधार का काम भी शामिल है.
बड़ियो और पुराना बाजार के विद्यालयों पर अधिक खर्च
निविदा दस्तावेज में विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग मदवार राशि का उल्लेख नहीं किया गया है, लेकिन कुल 12 कार्यों की अनुमानित लागत 6.72 करोड़ रुपये निर्धारित की गयी है. इनमें सबसे अधिक 69.419 लाख रुपये बड़ियो स्थित एनपीएस आदिवासी टोला विद्यालय के विकास कार्यों पर खर्च होने का अनुमान है. इसके अलावा पुराना बाजार स्थित राजकीय आदर्श हिंदी बालक मध्य विद्यालय में 68.228 लाख रुपये की लागत से कार्य प्रस्तावित है.
परघा, बेलगड़िया के प्राथमिक विद्यालय में चहारदीवारी, बिजली, पेयजल व्यवस्था, दो शौचालय और रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली विकसित करने का कार्य लगभग 17.905 लाख रुपये में किया जायेगा.
15 सितंबर से शुरू होगी निविदा प्रक्रिया
विभाग के अनुसार, ऑनलाइन निविदा 15 सितंबर से शुरू होगी. इच्छुक संवेदक 24 सितंबर की शाम पांच बजे तक आवेदन जमा कर सकेंगे. प्राप्त निविदाओं को 26 सितंबर को दोपहर दो बजे खोला जायेगा. विभिन्न कार्यों को विद्यालयवार छह से नौ माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. अधिकारियों का मानना है कि योजनाएं पूरी होने के बाद संबंधित विद्यालयों में छात्रों को बेहतर शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी.
ये भी पढ़ें: झारखंड-बंगाल में अवैध खनन पर CISF का एक्शन, 2.27 करोड़ का कोयला जब्त, 67 खदानें सील
