धनबाद मुठभेड़ की जांच में FSL टीम की एंट्री, घटनास्थल से दो पिस्टल समेत हथियार और मोबाइल बरामद

बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में पांच लाख रुपये की रंगदारी वसूलने आए अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई. एफएसएल रांची की टीम ने घटनास्थल की जांच की, जहां से दो पिस्टल, गोली, मोबाइल और नगद बरामद किए गए. घायल अपराधियों का इलाज SNMMCH में चल रहा है.

बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के कुर्मीडीह में पांच लाख रुपये की रंगदारी वसूलने पहुंचे अपराधियों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ के मामले में मंगलवार को एफएसएल रांची की टीम ने घटनास्थल की जांच की. करीब एक घंटे तक घटनास्थल का मुआयना करने के बाद टीम ने हथियार, गोली, खोखा और मिट्टी के सैंपल जुटाए. घटनास्थल से दो पिस्टल, गोली, खोखा, दो मोबाइल, बाइक संख्या जेएच 10 डीके 1487 और नगद रुपये बरामद किए गए.

जांच के दौरान डीएसपी कुमार विनोद, धनबाद थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय और बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार मौजूद रहे. पुलिस ने जांच पूरी होने तक चौक से एट लेन रोड होते हुए कुर्मीडीह जाने वाली सड़क को आम लोगों के लिए बंद रखा था. घटनास्थल को रस्सी, बैरिकेड्स और फीते से घेर दिया गया था. शाम को जांच पूरी होने के बाद सड़क पर आवागमन बहाल कर दिया गया.

घायल दोनों अपराधियों के पैर की हड्डी टूटी

पुलिस मुठभेड़ में घायल वासेपुर निवासी इरफान आलम और पुटकी निवासी नन्हे अंसारी उर्फ नन्हे का इलाज एसएनएमएमसीएच के कैथलैब स्थित कैदी वार्ड में चल रहा है. दोनों के पैर में गोली लगी है और जांच में हड्डी क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि हुई है.

चिकित्सकों के अनुसार नन्हे अंसारी के दाहिने पैर में घुटने से कुछ नीचे गोली लगी थी, जो हड्डी को नुकसान पहुंचाते हुए आर-पार निकल गई. वहीं इरफान आलम के दाहिने पैर में लगी गोली भी पैर के बीच से निकल गई और हड्डी को क्षति पहुंची. इरफान के शुगर का मरीज होने के कारण ब्लीडिंग नियंत्रित करने में चिकित्सकों को परेशानी हो रही है. ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद दोनों के ऑपरेशन को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा.

एफएसएल टीम ने अस्पताल में लिये फिंगर प्रिंट

एफएसएल की टीम मंगलवार को एसएनएमएमसीएच भी पहुंची. कैथलैब स्थित कैदी वार्ड में भर्ती दोनों घायल आरोपियों की जांच की गई. टीम ने दोनों के फिंगर प्रिंट लिए और उनकी फोटोग्राफी भी की. करीब एक घंटे तक एफएसएल की टीम अस्पताल में रही.

इससे पहले सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

रंगदारी के लिए बिछाया गया था जाल

एसएसपी प्रभात कुमार और सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव मंगलवार को एसएनएमएमसीएच पहुंचे और दोनों घायल आरोपियों से पूछताछ की. करीब 25 मिनट तक एसएसपी ने दोनों से पूछताछ की और डॉक्टरों से उनके इलाज की जानकारी ली.

एसएसपी ने बताया कि बरवाअड्डा क्षेत्र के एक जमीन कारोबारी से लगातार फोन पर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी. पुलिस के अनुसार गोपी खान और प्रिंस खान के इशारे पर रंगदारी वसूलने का दबाव बनाया जा रहा था. तकनीकी साक्ष्यों से इसकी पुष्टि के बाद पुलिस ने जाल बिछाया था.

जवाबी फायरिंग में एक आरोपी फरार

रकम वसूलने पहुंचे अपराधियों को पुलिस ने घेरने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस वाहन की विंडशील्ड पर सीधे फायरिंग कर दी. हालांकि, वाहन चालक बाल-बाल बच गया. इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें इरफान आलम और नन्हे अंसारी के पैर में गोली लगी. दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनका तीसरा साथी मौके से फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

एसएसपी ने कहा कि संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस का रुख स्पष्ट है. धनबाद में रंगदारी, धमकी या गोलीबारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

पकड़े गये आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार इरफान आलम वासेपुर का रहने वाला है और उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा चर्चित नन्हे खान हत्याकांड समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं. वहीं नन्हे अंसारी पुटकी का निवासी है और उसके आपराधिक इतिहास की पुलिस जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Niraj ambasta

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >