धनबाद में कोयला कारोबारी पर जानलेवा हमला, गोली लगने से घायल, साथी पर रॉड से वार

Dhanbad News: तेतुलमारी थाना क्षेत्र में आठ लेन मार्ग पर काको स्थित एक होटल के बाहर कोयला कारोबारी मनीष सिंह पर अपराधियों ने गोलीबारी कर दी, जबकि उनके साथी चंदन पासी पर रॉड से हमला किया गया. दोनों गंभीर रूप से घायल हैं और इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है.

धनबाद में कोयला व्यवसायी की कार में चली गोली और घायल मनीष सिंह

धनबाद से धर्मेंद्र गुप्त की रिपोर्ट 

Dhanbad News: झारखंड के धनबाद जिले के तेतुलमारी थाना क्षेत्र के काको स्थित आठ लेन मार्ग पर बुधवार शाम अपराधियों ने कोयला कारोबारी मनीष सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया. फायरिंग में मनीष सिंह गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके साथ मौजूद चंदन पासी को रॉड से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

होटल के बाहर निकले ही शुरू हुई फायरिंग

जानकारी के अनुसार निचितपुर कॉलोनी निवासी मनीष सिंह अपनी एसयूवी जेएच 01डीआर 0665 से अपने साथी मालकेरा पासीटांड़ निवासी चंदन पासी के साथ काको स्थित एटलेन मार्ग के एक होटल में कतरास के एक कारोबारी से पैसों के लेन-देन के सिलसिले में पहुंचे थे. जानकारी के मुताबिक, इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया.  बताया जाता है कि होटल से बाहर निकलते ही अपराधियों ने मनीष सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. 

कतरास क्षेत्र के रहने वाले हैं हमलावर 

बताया जाता है कि कतरास के कुछ लोगों ने मनीष सिंह की कार पर अंधाधुंध गोलियां चलाई. इस दौरान सात राउंड से अधिक फायरिंग होने की बात सामने आ रही है. हमले में मनीष सिंह की बाएं जांघ में गोली लगी. वहीं, चंदन पासी को रॉड से हमला कर घायल कर दिया गया. घायल होने के बावजूद मनीष सिंह साहस दिखाते हुए खुद ही कार चलाकर घटनास्थल से निकल गए. वे तेज रफ्तार में गाड़ी भगाते हुए बरवाअड्डा तक पहुंचे और रास्ते में अपने परिचितों को फोन कर घटना की जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद उनके जानने वाले लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल इलाज के लिए पहले असर्फी अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया गया. वहीं चंदन पासी को इलाज के लिए निचितपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. रॉड से हुए हमले में उसके पैर की हड्डी टूट गई है.

किसान चौक से कारोबारी की कार बरामद

घटना के बाद बरवाअड्डा पुलिस ने जीटी रोड स्थित किसान चौक के पास उस कार को बरामद किया, जिस पर फायरिंग की गई थी. कार के आगे के शीशे में दो गोलियों के निशान और पीछे के दाहिने गेट के शीशे में तीन गोलियों के निशान मिले हैं. कार के अंदर सीट पर खून फैला हुआ था, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है. मामले की सूचना मिलते ही तेतुलमारी और बरवाअड्डा पुलिस सक्रिय हो गई है. पुलिस टीम जीटी रोड, किसान चौक, संत निरंकारी चौक, कसियाटांड़, बड़ापिछरी रोड और राजगंज से बरवाअड्डा आने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगाल रही है, जिससे अपराधियों की पहचान की जा सके.

बैंक के लिए रिकवरी एजेंट का भी काम करते हैं मनीष सिंह 

बताया जा रहा है कि मनीष सिंह कोयला कारोबार से जुड़े हैं और एक बैंक के लिए रिकवरी एजेंट का भी काम करते हैं. वहीं चंदन पासी के बारे में जानकारी मिली है कि वह सुनील पासी का भाई है, जो कई आपराधिक मामलों में संलिप्त बताया जाता है. पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे आपसी रंजिश, कारोबारी विवाद या कोई अन्य कारण तो नहीं है. तेतुलमारी थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने बताया कि फायरिंग की घटना की जानकारी मिली है. मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: चक्रधरपुर मां पाउड़ी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भक्तों ने आग और कांटों पर चलकर दी भक्ति की परीक्षा

यह भी पढ़ें: CBSE 10th Result: चतरा की संचित कुमारी बनी स्कूल टॉपर, 93.80 अंक हासिल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Priya Gupta

प्रिया गुप्ता प्रभात खबर के लाइफस्टाइल बीट पर 1 साल से काम कर रही हैं. यहां वे हेल्थ, फैशन और भी ट्रेंड से जुड़ी आर्टिकल लिखती हैं. ये हर लेख को दिल से लिखती है, जो पाठकों को सिर्फ जानकारी नहीं, एक एहसास पहुंचा सकें.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >