Dhanbad news: धनबाद एडमिनिस्ट्रेशन, आइएसएम और एमपीएल ने जीते मैच

बीसीसीएल इंस्टीट्यूशनल ट्रॉफी के तहत टाटा डिगवाडीह व जियलगोरा स्टेडियम में कुल तीन मैच खेले गये.

धनबाद.

बीसीसीएल इंस्टीट्यूशनल ट्रॉफी के तहत रविवार को टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में खेले गये मैच में धनबाद एडमिनिस्ट्रेशन की टीम ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) को पांच विकेट से हरा दिया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आइएमए की टीम ने आमिर परवेज के 91 रनों की बेहतरीन पारी की मदद से निर्धारित बीस ओवरों में सात विकेट पर 153 रन बनाये. आमिर ने 60 गेंदों की अपनी पारी में 16 चौके लगाये. वहीं डाॅ ऋषभ कुमार राणा ने 24 रन बनाये. धनबाद एडमिनिस्ट्रेशन के लिए दीपक बहादुर ने 35 पर दो और मुकेश कुमार ने 14 पर दो विकेट लिये. पिंटू मुखर्जी, विकास पालीवाल और पवन कुमार सिंह को एक-एक विकेट मिला. बाद में धनबाद एडमिनिस्ट्रेशन ने नौशाद आलम के 54 गेंदों पर 76 रनों की पारी की मदद से जीत का लक्ष्य 17.4 ओवर में पांच विकेट पर हासिल कर लिया. विकास पालीवाल ने 14 और एचपी जनार्दनन ने 12 रन बनाये. अमीर परवेज ने 23 रन पर तीन विकेट लिये. प्लेयर ऑफ द मैच नौशाद आलम को चुना गया. उन्हें यह पुरस्कार बीसीसीएल के वित्त निदेशक राकेश साहा ने प्रदान किया. मौके पर धनबाद के एसएसपी एचपी जनार्दनन, जेएससीए के बिनय कुमार सिंह, डीसीए के साधवेंद्र सिंह, उत्तम विश्वास, बाल शंकर झा, दिवेन तिवारी आदि उपस्थित थे.

अमित सिंह के आलराउंड प्रदर्शन से एमपीएल जीता

उधर जियलगोरा स्टेडियम में खेले गए पहले मैच में मैथन पावर लिमिटेड (एमपीएल) ने धनबाद बार एसोसिएशन (डीबीए) को 44 रनों से हरा दिया. डीबीए ने टॉस जीता और एमपीएल को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया. भानु प्रताप सिंह के 52 गेंदों पर 92 और अमित कुमार सिंह के 51 गेंदों पर 59 रन की मदद से एमपीएल ने पांच विकेट पर 187 रन बनाये. भानु प्रताप ने अपनी पारी में दस चौके व पांच छक्के उड़ाये. वहीं डीबीए के करण कुमार ने 21 पर तीन, शाबाज आलम ने 29 पर एक और हामिद सिद्दीकी ने 40 पर एक विकेट लिया. बाद में डीबीए निर्धारित ओवरों में छह विकेट पर 143 रन ही बना सका. हामिद अंसारी ने 39, शाबाज आलम ने 21, सिद्धार्थ विवेक ने 21 और दिनेश यादव ने 18 रन बनाये. एमपीएल के रूपेश कुमार सिंह ने 36 रन पर चार और अमित कुमार सिंह ने 27 पर दो विकेट लिये. अमित कुमार सिंह को प्लेयर आफ द मैच का पुरस्कार डीसीए के वरीय उपाध्यक्ष साधवेंद्र सिंह ने प्रदान किया.

आइआइटी आइएसएम ने सिंफर को हराया

वहीं जियलगोरा स्टेडियम में ही खेले गये दूसरे मैच में आइआइटी आइएसएम ने सिंफर को सात विकेट से हरा दिया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सिंफर की टीम 119 रन पर ऑल आउट हो गई. अमर सिंह ने 24, शुभजीत बेताल ने 21, बैजु कुमार ने 15 और विकास कुमार झा ने 13 रन बनाये. आइआइटी आइएसएम के ऋषभ मिलन पांडेय ने 11 पर चार, अनिर्बन घोषाल ने 29 पर दो, महेश ने 27 पर दो और संजीव ने 33 पर दो विकेट लिये. जवाब में आइआइटी आइएसएम ने 11.3 ओवर में तीन विकेट पर 127 रन बनाकर मैच आसानी से जीत लिया. डाॅ प्रशांत कुमार शर्मा 33 और कौशिक भौमिक 23 रन बनाकर नाबाद रहे. वहीं ऋषभ मिलन पांडेय ने 22 और सौमित चटर्जी ने 20 रन बनाये. ऋषभ मिलन प्लेयर ऑफ द मैच चुने गये. उन्हें यह पुरस्कार डीसीए के अध्यक्ष मनोज कुमार ने प्रदान किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >