स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. मौके पर डीइओ अभिषेक झा, डीएसइ शालिनी डुंगडुंग, एडीपीओ आशीष कुमार आदि पहुंचे. सभी अधिकारी बच्चों के लिए उपहार लेकर पहुंचे थे और उनके साथ समय भी बिताया.
बच्चों के साथ भोजन कर फ्यूचर प्लान पर की चर्चा
कार्यक्रम के बाद अधिकारियों ने बच्चों के साथ भोजन किया. भोजन के दौरान बच्चों से उनके भविष्य की योजनाओं और लक्ष्यों को लेकर बातचीत की गयी. अधिकारियों ने बच्चों को जीवन में सफलता हासिल करने के लिए मेहनत, अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास को महत्वपूर्ण बताया और भविष्य को लेकर कई उपयोगी सुझाव साझा दिये.
पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया. डीइओ और डीएसइ ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया. उन्होंने बच्चों को पेड़-पौधों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया. इस दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की गतिविधियों और बच्चों की भागीदारी को सराहा. अधिकारियों की मौजूदगी और उनके साथ संवाद ने बच्चों को उत्साहित किया.
