सरायढेला थाना क्षेत्र के कार्मिक नगर स्थित श्री विला अपार्टमेंट में गोली लगने से घायल दीपक शर्मा (63) के मामले में पुलिस ने अवैध रिवॉल्वर बरामद किया है. जांच में हथियार के वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने उसे जब्त कर लिया है. मामले में सरायढेला थाना में मंगलवार को दीपक शर्मा के खिलाफ अवैध हथियार रखने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
कमरे में घायल मिले थे दीपक
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त की देर रात सूचना मिली थी कि श्री विला अपार्टमेंट के एक फ्लैट में दीपक शर्मा ने अपने गले में गोली मार ली है. सूचना मिलने पर पुलिस सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंची. कमरे में दीपक शर्मा घायल अवस्था में बेड पर पड़े मिले. उनके पास एक रिवॉल्वर पड़ा था, जिसमें चार जिंदा गोलियां और दो खोखे मिले थे. पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच, धनबाद भेजा था.
पत्नी ने बताया, कुछ दिनों से परेशान थे
पुलिस को दी गयी जानकारी में दीपक शर्मा की पत्नी गीता शर्मा ने बताया कि उनके पति कुछ दिनों से परेशान रहते थे. घटना की रात करीब 2:30 बजे वह दवा खाने के बाद सोने चली गयी थीं. कुछ देर बाद नींद खुलने पर उन्होंने देखा कि पति कमरे में नहीं हैं. पास के कमरे में जाने पर दीपक बेड पर घायल अवस्था में मिले. कमरे में खून फैला था और उनके पास रिवॉल्वर पड़ा था.
हथियार पर मेड इन चाइना अंकित
घटना के बाद पुलिस ने कमरे को सील कर दिया था. 17 अगस्त को वरीय अधिकारियों को सूचना देने के बाद पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची और कमरे की सील खोली. पुलिस ने रिवॉल्वर और गोलियों से संबंधित वैध कागजात मांगे, लेकिन पत्नी की ओर से कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया.
जांच के दौरान रिवॉल्वर पर .32 6 राउंड 7110 और मेड इन चाइना अंकित पाया गया. हथियार में चार जिंदा गोलियां और दो खोखे मिले. पुलिस ने रिवॉल्वर को सील कर जब्त कर लिया है.
अवैध हथियार रखने को लेकर प्राथमिकी
पुलिस ने जांच के आधार पर हथियार को अवैध पाया है. इसके बाद दीपक शर्मा के खिलाफ अवैध रूप से रिवॉल्वर रखने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
