Dhanbad news: धनबाद से प्रयागराज जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा व सुगम यात्रा के मद्देनजर उपायुक्त माधवी मिश्रा ने बुधवार की देर शाम धनबाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया. उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त पुलिस फोर्स की तैनाती करने सहित कई आवश्यक दिशा निर्देश दिया.
उपायुक्त ने कहा कि यात्रियों को कुंभ स्पेशल ट्रेन की जानकारी लगातार अनाउंसमेंट कर देते रहें. आरपीएफ भी यात्रियों को ट्रेन की और किस प्लेटफाॅर्म से स्पेशल ट्रेन खुलेगी, इसकी भी जानकारी लगातार देते रहे. वहीं यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 26 फरवरी तक रेलवे स्टेशन के बाहर ऑटो पार्किंग में बदलाव करने व एक बार में सीमित संख्या में ऑटो को प्रवेश करने देने का निर्णय लिया गया. इस दौरान मीडिया से बातचीत में उपायुक्त ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ के लिए धनबाद व गोमो रेलवे स्टेशन से यात्रियों का आवागमन सुचारू रूप से जारी है. धनबाद से प्रयागराज जाने के लिए स्पेशल ट्रेनें चलायी जा रही है. यात्री भी सुचारू रूप से इसमें यात्रा कर अपने गंतव्य की ओर पहुंच रहे हैं.उपायुक्त ने कहा कि 26 फरवरी तक स्पेशल ट्रेन से जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस फोर्स की तैनाती के अलावा महिला पुलिस भी रेलवे स्टेशन पर मौजूद रहेगी. आवश्यकता पड़ने पर फोर्स की संख्या बढ़ायी जायेगी. मौके पर एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार, सिविल सर्जन डॉ चंद्र भानु प्रतापन, आरपीएफ कमांडेंट अनुराग मीणा, डीएसपी आरपीएफ सुरेश कुमार मिश्रा, डीएसपी एसआरपी जय गोविंद प्रसाद गुप्ता, डीएसपी शंकर कामती, डीएसपी ट्रैफिक अरविंद कुमार सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
रेलवे स्टेशन में एक एंबुलेंस व डॉक्टरों की टीम रहेगी तैनात :
उपायुक्त ने सिविल सर्जन को रेलवे स्टेशन में डॉक्टरों की टीम के साथ एक एंबुलेंस को भी तैनात करने का निर्देश दिया है. साथ ही पैसेंजर होल्डिंग एरिया में पर्याप्त रोशनी, सीसीटीवी से निगरानी करने का निर्देश दिया है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
