Dhanbad News : सेल के टासरा प्रोजेक्ट में कोयले के उत्पादन के लिए शनिवार को की गयी हैवी ब्लास्टिंग के कारण अनिता देवी, यशोदा देवी, कल्पना देवी, पुतुल देवी, वरना गोस्वामी, मालती देवी के घरों सहित कुल 8-10 घरों में दरार पड़ गयी. इससे आक्रोशित टासरा के ग्रामीणों ने लगभग दो बजे प्रोजेक्ट का चक्का जाम कर दिया, जिससे प्रोजेक्ट का उत्पादन और परिवहन कार्य बंद हो गया. चक्का जाम होते ही सेल प्रोजेक्ट की आउटसोर्सिंग कंपनी केटीएमपीएल के लाइजनिंग अधिकारी विजय शर्मा प्रोजेक्ट पहुंचे. आक्रोशित ग्रामीणों ने हैवी ब्लास्टिंग को लेकर उन्हे खूब खरी-खोटी सुनायी. विजय शर्मा ने घरों में पड़ी दरारों को मरम्मत कराने और कम पावर की ब्लास्टिंग करने का आश्वासन दिया. इसको लेकर त्रिपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें केटीएमपीएल, ग्रामीण व पुलिस अधिकारी मौजूद थे. लगभग दो घंटे के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम आंदोलन समाप्त किया. अपराह्न लगभग 4.30 में प्रोजेक्ट में स्थिति सामान्य हुई.
न किसी का फोन आया और न ही ओटीपी मांगा, फिर भी खाते से हो गयी 2.47 लाख की निकासी
बाघमारा थाना क्षेत्र के खास जयरामडीह निवासी सेवानिवृत्त बीसीसीएलकर्मी रामस्वरूप चौहान ने उनके एसबीआइ डुमरा शाखा के एकाउंट से किसी ने जालसाजी कर 11 फरवरी को दो लाख 47 हजार रुपये की अवैध निकासी कर लेने की शिकायत बाघमारा थाना में की है. शिकायत में कहा है कि 15 फरवरी को जब बैंक खाते का अपडेट कराया, तो पता चला कि 11 फरवरी को उसके खाते से 247000 रुपये का निकासी हुई है. बैंक प्रबंधन से इसकी शिकायत करने पर सटीक जवाब नहीं दिया गया. पैसा निकासी के दौरान न ही उसके मोबाइल पर ओटीपी आया और न बैंक अधिकारी का कॉल आया. भुक्तभोगी का कहना है कि बीसीसीएल ब्लॉक दो क्षेत्र के सर्वे विभाग से वह रिटायर हुए हैं. इसी बैंक खाते में सारे पैसे जमा हैं. वहीं बैंक प्रबंधक कहना है कि पैसे की निकासी डुमरा शाखा से नहीं हुई है. बोकारो कोठारी शाखा से हुई है. पैसा किस माध्यम से निकासी हुई, इसकी जांच की जा रही है. शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
