झरिया से उमेश सिंह की रिपोर्ट
Dhanbad News: कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी झरिया लोकल कमेटी और भारत की जनवादी नौजवान सभा लोदना क्षेत्रीय कमेटी ने संयुक्त रूप से पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों के खिलाफ लोदना में प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने लोदना बाजार में जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अंबेडकर चौक पर नुक्कड़ सभा की.
केंद्र सरकार पर लगाया महंगाई बढ़ाने का आरोप
सभा को संबोधित करते हुए सीपीआई-एम राज्य कमेटी सचिव मंडल सदस्य शिव बालक पासवान ने कहा कि केंद्र सरकार 2014 से लगातार आम जनता और गरीबों पर बोझ डाल रही है. पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतें बढ़ाकर सरकार रोजमर्रा की चीजों को महंगा कर रही है. उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतें बढ़ने से परिवहन लागत बढ़ी है, जिसका सीधा असर खेती, बुनियादी सेवाओं और जरूरी सामानों पर पड़ा है. सीएनजी महंगी होने से ऑटो चालक, परिवहन कर्मचारी और सार्वजनिक परिवहन पर निर्भर लाखों लोग प्रभावित हो रहे हैं.
तेल कंपनियों के तर्क को बताया गुमराह करने वाला
डीवाईएफआई जिला सचिव नौशाद अंसारी ने कहा कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों का यह कहना कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमत बढ़ने से उन्हें अंडर रिकवरी का सामना करना पड़ रहा है, गुमराह करने वाला है. जब वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें कम थीं, तब भी तेल कंपनियों ने भारी मुनाफा कमाया. अंडर रिकवरी का मतलब असली नुकसान नहीं है, बल्कि काल्पनिक कमी है. उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने जनता को फायदा देने के बजाय भारी राजस्व कमाया.
पुतला दहन कर जताया विरोध
कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार विरोधी नारे लगाए और पेट्रोलियम मंत्री का पुतला दहन किया. वक्ताओं ने कहा कि सरकार की नीतियों से महंगाई और बेरोजगारी बढ़ेगी. इस आर्थिक संकट से निकलने का एक ही रास्ता है कि सरकार को गद्दी से हटाया जाए.
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी झरिया लोकल कमेटी के सचिव भगवान दास ने की. मौके पर प्रजा पासवान, शंकर पासवान, नीरज पासवान, विनोद पासवान, विनोद धारी, आनंदी पासवान, भोला माली, संतोष पासवान, हीरा पासवान, अमरजीत पासवान, महेंद्र महतो, वाशी खान, अनिल पासवान, मोहम्मद रियाज, राजेंद्र भुइयां, अभिषेक कुमार, रजत तिवारी, मिथुन भुइयां, सागर भुइयां, करू भुइयां, राज चौहान समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: सरायकेला-खरसावां: 18 महीने से फरार चाकूबाजी कांड का आरोपी गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: गुमला में दंपति से चार लाख के गहने लेकर फरार हुए दो शातिर ठग
