धनबाद सांसद ढुल्लू महतो के कथित अमर्यादित और आपत्तिजनक बयान के खिलाफ शुक्रवार को धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिलेभर में विरोध प्रदर्शन किया गया. झरिया में नगर कांग्रेस अध्यक्ष श्याम कुमार साव के नेतृत्व में बाटा मोड़ पर सांसद का पुतला दहन किया गया. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर सांसद के बयान की कड़ी निंदा की.
सांसद से सार्वजनिक माफी की मांग
जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि जनता ने सांसद को अपनी आवाज उठाने के लिए चुना है, कांग्रेस नेताओं का अपमान करने के लिए नहीं. उन्होंने कहा कि छाताबाद के भू-धंसान प्रभावित लोग आज भी चिंतित हैं. ऐसे में पीड़ितों के साथ खड़े कांग्रेस नेताओं के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग सांसद की संवेदनहीनता को दर्शाता है.
उन्होंने कहा कि सांसद का पद किसी को लोकतांत्रिक मर्यादा से ऊपर नहीं करता. कांग्रेस ने सांसद से अपने बयान को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की.
कोयला चोरी के मुद्दे पर भी घेरा
संतोष कुमार सिंह ने कहा कि सांसद कहते हैं कि छाताबाद के मुसलमान मस्जिद में कसम खा लें तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे. उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि सांसद चिटाही धाम स्थित राम मंदिर में कसम खा लें कि बाघमारा में कोयला चोरी से उनका कोई सरोकार नहीं है.
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने विचार और सिद्धांत से भटक गयी है और भाजपा का कोर वोटर भी सांसद के कारण असहज महसूस कर रहा है.
अगली लोकसभा में जनता देगी जवाब : शाहिद
उपाध्यक्ष सह झरिया विधानसभा प्रभारी शाहिद कमर ने कहा कि भाजपा सांसद ढुल्लू महतो की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. उन्होंने कहा कि अगली लोकसभा में जनता इसका जवाब देगी.
पुतला दहन कार्यक्रम में प्रदेश सचिव उषा पासवान, मोर्चा संगठन प्रभारी मुख्तार खान, किशोर कुमार, प्रमोद चंद्रवंशी, खालिद हुसैन, अफजल खान, रामजी सिंह, भोला सिंह, महेश शर्मा, निसार अहमद, पप्पू पांडेय, राकेश पासवान, सूरज वर्मा, कृष्णा पटेल, बीरेंद्र यादव, गौतम पासवान, फैज अहमद समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे.
