झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से पूरा प्रदेश शोक में है. रविवार को दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि देने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ उनके आवास पहुंचे. मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी आवास पहुंचकर सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि दी और शोक व्यक्त किया.
परिजनों को बंधाया ढाढ़स
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढाढ़स बंधाया. उन्होंने दुख की इस घड़ी में परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी दिवंगत मंत्री के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की.
मुख्यमंत्री और राज्यपाल के आवास पहुंचने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही. आवास के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. वीआइपी आवागमन और बड़ी संख्या में जुट रही भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किये.
बारिश के बीच अंतिम दर्शन को जुटी भीड़
सुदिव्य कुमार सोनू के अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं, नेताओं और शुभचिंतकों के पहुंचने का सिलसिला जारी है. बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग आवास के बाहर और आसपास डटे रहे. लोग दिवंगत मंत्री को अंतिम विदाई देने और पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित करने के लिए पहुंच रहे हैं.
आवास परिसर में शोकाकुल लोगों की भीड़ के कारण लगातार गमगीन माहौल बना हुआ है. विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और जनप्रतिनिधियों के पहुंचने का सिलसिला भी जारी है.
अंतिम यात्रा के मार्ग पर सुरक्षा-यातायात व्यवस्था चुस्त
प्रशासन ने अंतिम यात्रा को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को भी मजबूत किया है. संभावित भीड़ को देखते हुए अंतिम यात्रा के मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती और यातायात प्रबंधन की तैयारी की गयी है. बड़ी संख्या में समर्थकों और आम लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण और यातायात सुचारु रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: पंचतत्व में विलीन होंगे सुदिव्य कुमार सोनू, राजकीय सम्मान के साथ साढ़े 3 बजे होगा अंतिम संस्कार
सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से झारखंड के राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर है. उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और उन्हें श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है.
