बरोरा. बरोरा थाना क्षेत्र के बेहराकुदर बस्ती स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय परिसर में प्रस्तावित चबूतरा निर्माण को लेकर सोमवार को दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया. पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. घटना में दोनों पक्ष के हरेंद्र सिंह, राजकुमार सिंह, राजसूर्या सिंह और मिथुन सिंह घायल हो गए. सभी का अलग-अलग अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और अन्य आरोप लगाते हुए बरोरा थाना में लिखित शिकायत दी है. हरेंद्र सिंह ने गांव के ही मिथुन सिंह समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ रंगदारी मांगने, मारपीट कर जखमी करने तथा पांच हजार नकद व चेन छीनतई करने करने का आरोप लगाया है.
वहीं, मिथुन सिंह ने हरेंद्र सिंह समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मारपीट कर घायल करने, चेन छीनतई का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है. बरोरा पुलिस ने दोनों पक्षों का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. समाचार लिखे जाने तक किसी पक्ष की प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी . पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है .
