Dhanbad News: भूली में बंद मकान से कार व नौ लाख के जेवर चोरी

पत्नी का इलाज कराने बेटे के पास पुणे गये हैं गृहस्वामी. पड़ोसी को देखरेख के लिए सौंपी थी घर की चाबी.

भूली ओपी क्षेत्र के भूली बस्ती रोड हार्डकोक भट्ठा के पास निवासी अशोक श्रीवास्तव के बंद मकान से रविवार की रात चोरों ने हुंडई का कार समेत लाखों की संपत्ति चुरा ली. इस संबंध में उनके पड़ोसी लक्ष्मी नारायण लाल ने लिखित आवेदन दिया है. उन्होंने बताया कि उनके पड़ोसी अशोक श्रीवास्तव ने अपनी पत्नी के इलाज के लिए पुणे जाने से पहले नौ मार्च को देखरेख के लिए मकान की चाबी उन्हें सौंपी थी. रविवार की रात करीब नौ बजे वह अपने पड़ोसी के घर पर ताला लगाकर अपने घर चले गये. सोमवार की सुबह करीब छह बजे दूध लेने के जाने के दौरान देखा कि अशोक श्रीवास्तव के मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था. अंदर जाकर देखा तो अलमारी व बक्सा का सारा सामान इधर-उधर बिखरा था. उन्होंने वीडियो कॉल कर मामले की जानकारी गृहस्वामी को दी. घर का वीडियो गृहस्वामी को दिखाने पर पता चला कि घर में रखे चांदी की पांच जोड़ी पायल, एक चांदी की कटोरी, एक चांदी का गिलास, सोने की मांगटीका, नथिया, अंगूठी, नोजपिन, चेन व एक सोने की लॉकेट जिनकी कुल कीमत नौ लाख रुपये है, के अलावा घर में खड़ी हुंडई आई 10 कार (JH10AC 7324) चोरी हो गयी है.

जांच के लिए डॉग स्क्वायड भी मंगाया गया

इस घटना की सूचना भूली पुलिस को दी गयी. इसके बाद पुलिस पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की. बोकारो से डॉग स्क्वायड मंगाकर भी जांच-पड़ताल की गयी. हालांकि पुलिस के हाथ कुछ भी नहीं लगा. वहीं फारेंसिक टीम ने भी जांच की. ज्ञात हो कि गृहस्वामी अशोक श्रीवास्तव के बेटे व बहु पुणे में ही नौकरी करते हैं. वहीं रहकर अशोक श्रीवास्तव अपनी पत्नी का इलाज करा रहे थे. वह लोयाबाद स्कूल में प्रिंसिपल पद से चार साल पहले सेवानिवृत्त हुए थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >