धनबाद से अजय कुमार उपाध्याय की रिपोर्ट
Dhanbad News: बोकारो रेंज के आरक्षी महानिरीक्षक (आईजी) शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को धनबाद जिले के सिंदरी स्थित एसडीपीओ कार्यालय का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था की स्थिति, लंबित मामलों के निष्पादन और आगामी पूजा-पर्वों की तैयारियों की समीक्षा की. साथ ही पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संवेदनशील मामलों में सतर्कता और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया. सिंदरी पहुंचने पर आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा का पुलिस अधिकारियों ने स्वागत किया. एसडीपीओ कार्यालय परिसर में उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इसके बाद उन्होंने कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली.
निरीक्षण को बताया नियमित प्रक्रिया
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि यह विभाग का नियमित निरीक्षण कार्यक्रम है. इस दौरान विभिन्न थानों के कार्यों की समीक्षा की जाती है और अधिकारियों को आवश्यक सुझाव दिए जाते हैं, ताकि पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके. उन्होंने बताया कि समीक्षा बैठक में थाना प्रभारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा आगामी पूजा-पर्वों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखें और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखें.
प्रिंस खान पर कार्रवाई को लेकर दिया जवाब
मीडिया द्वारा गैंगस्टर प्रिंस खान के संबंध में पूछे गए सवाल पर आईजी ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच और कार्रवाई से जुड़ी हर जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा सकती. उन्होंने कहा, "सभी बातें मीडिया के साथ साझा नहीं की जा सकतीं, लेकिन पुलिस प्रिंस खान पर नकेल कसने के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है." उनके इस बयान से स्पष्ट संकेत मिला कि पुलिस लगातार मामले की निगरानी कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान धनबाद जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. इनमें धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार सिंह, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, सिंदरी डीएसपी प्रकाश चंद्र महतो, सिंदरी थाना प्रभारी राजेश कुमार, झरिया थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार, जोड़ापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता, बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार तथा गौशाला थाना प्रभारी शंभूनाथ सिंह सहित सिंदरी अनुमंडल के सभी पुलिस पदाधिकारी शामिल थे.
इसे भी पढ़ें: गुमला में पैसों की खातिर दोस्ती कलंकित: सिर्फ 7000 रुपये के लिए दोस्त ने आधी रात को ले ली दोस्त की जान
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों की प्रगति और आगामी त्योहारों को लेकर सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत जानकारी आईजी को दी. आईजी ने सभी अधिकारियों को जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें: गिरिडीह में साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा, संयुक्त छापेमारी में दो आरोपी गिरफ्तार
