ब्लिंकिट डिलीवरी पार्टनर्स का हल्ला बोल, धनबाद में ठप हो सकती है सेवा, कंपनी पर शोषण का आरोप

Blinkit Partners Protest Dhanbad: धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर ब्लिंकिट डिलीवरी पार्टनर्स ने कंपनी की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया. डिलीवरी कर्मियों ने कम इंसेंटिव, बढ़ती पेट्रोल कीमतों और बिना सूचना आईडी ब्लॉक किए जाने को लेकर नाराजगी जताई और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है.

धनबाद से प्रतीक पोपट की रिपोर्ट

Blinkit Partners Protest Dhanbad, धनबाद : ऑनलाइन ग्रॉसरी डिलीवरी प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट (Blinkit) के डिलीवरी पार्टनर्स ने बुधवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर कंपनी की नीतियों के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में जुटे कर्मियों ने बेहतर भुगतान और कार्यस्थल पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर आवाज बुलंद की.

इंसेंटिव और कम भुगतान को लेकर नाराजगी

प्रदर्शन कर रहे कर्मियों ने बताया कि पिछले चार महीनों में कंपनी की इंसेंटिव नीति में बड़ा बदलाव आया है. जहां पहले 400 रुपये की कमाई पर 120 रुपये का इंसेंटिव आसानी से मिल जाता था, वहीं, अब उसे पाने के लिए सुबह 6 बजे से देर रात तक कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है. डिलीवरी पार्टनर्स का कहना है कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और वाहन के रखरखाव के खर्च के बावजूद प्रति ऑर्डर भुगतान में कोई संतोषजनक बढ़ोतरी नहीं की गई है.

बिना सूचना आईडी ब्लॉक करने का आरोप

डिलीवरी कर्मियों ने कंपनी पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि अक्सर बिना किसी पूर्व सूचना या स्पष्ट कारण के उनकी आईडी ब्लॉक कर दी जाती है. इससे उनकी आजीविका पर सीधा प्रहार होता है. उनकी मांग है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कंपनी को कर्मियों का पक्ष सुनने के लिए एक निष्पक्ष व्यवस्था बनानी चाहिए.

Also Read: बेतला वन क्षेत्र में लंगड़ाते दिखा हाथी, घायल होने की आशंका से लोग परेशान 

क्या है प्रमुख मांगें

  • ब्लिंकिट डिलीवरी कर्मियों ने कंपनी से न्यूनतम भुगतान की एक स्पष्ट और न्यायसंगत व्यवस्था लागू करने की अपील की है.
  • साथ ही पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को देखते हुए अतिरिक्त भत्ता प्रदान करने की भी मांग है.
  • इंसेंटिव व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाया जाए और आईडी ब्लॉक करने से पहले सुनवाई का अवसर दिया जाए.

कांग्रेस नेताओं का मिला साथ, उपायुक्त को सौंपेंगे ज्ञापन

ब्लिंकिट डिलीवरी कर्मियों के प्रदर्शन को कांग्रेस के युवा नेताओं का भी समर्थन प्राप्त हुआ. नेताओं ने पार्टनर्स की मांगों को जायज बताते हुए कहा कि वे इस संबंध में धनबाद उपायुक्त (DC) को ज्ञापन सौंपकर प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग करेंगे. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई, तो वे आंदोलन को और अधिक उग्र करेंगे.

Also Read: पलामू पुलिस की बड़ी कामयाबी: जेवर चमकाने के बहाने ठगी करने वाला बिहार का गिरोह गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >