चिटाही में रविवार को बाघमारा विधानसभा भाजपा का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया. सम्मेलन में पार्टी संगठन को मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की तैयारी और क्षेत्रीय विकास को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिये गये. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए.
कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ : ढुलू महतो
मुख्य अतिथि धनबाद सांसद ढुलू महतो ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी संगठन की रीढ़ होते हैं. भाजपा के कार्यकर्ता राष्ट्रहित, समाजहित और संगठन हित के लिए सदैव समर्पित रहते हैं. उन्होंने कहा कि बाघमारा में संघर्ष की राजनीति के माध्यम से माफिया राज से मुक्ति दिलाने का काम किया गया है. कुछ लोग फिर से क्षेत्र में भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जनता और कार्यकर्ताओं को ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर बाघमारा को दोबारा माफिया राज की ओर नहीं जाने दिया जायेगा.
छात्र आंदोलन और भू-धंसान पर सरकार को घेरा
सांसद ने रांची में चल रहे छात्र आंदोलन का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की. उन्होंने कहा कि सरकार की कार्यशैली से छात्र और युवा वर्ग परेशान हैं. झारखंड का युवा अब जागरूक हो चुका है और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहा है. वहीं, छाताबाद में हुई भू-धंसान की घटना के लिए भी उन्होंने राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया. इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की भी जानकारी कार्यकर्ताओं के साथ साझा की.
बूथ सशक्तीकरण और तिरंगा अभियान पर दिया जोर
विशिष्ट अतिथि बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की. साथ ही हर घर तिरंगा, तिरंगा यात्रा और बूथ सशक्तीकरण अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया.
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे उपस्थित
सम्मेलन की अध्यक्षता अशोक मिश्रा ने की, जबकि संचालन बच्चू कुमार राय और धन्यवाद ज्ञापन महेश पासवान ने किया. कार्यक्रम में उपप्रमुख रंजीत सिंह, गौर चंद बाउरी, राजू शर्मा, बलिराम चौहान, गंगा रवानी, देवानंद साव, बंटी हरि, कपिल सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे.
