भौंरा पंप हाउस में हथियारबंद अपराधियों का धावा, चार कर्मियों को बंधक बनाकर दो लाख की केबल काट ले गये

झरिया की एकीकृत भौंरा उत्तर-दक्षिण कोलियरी में हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल दिया. उन्होंने ड्यूटी पर तैनात 4 कर्मियों को बंधक बनाकर करीब 2 लाख रुपये की केबल काटकर फरार हो गए. इस घटना से रॉ वाटर सप्लाई ठप हो गई है और कर्मियों में दहशत का माहौल है.

झरिया. बीसीसीएल के पूर्वी झरिया क्षेत्र अंतर्गत एकीकृत भौंरा उत्तर-दक्षिण कोलियरी के बाई क्वार्टर रिवर साइड पंप हाउस में सोमवार की देर रात हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल दिया. करीब 15-20 की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने हथियार के बल पर ड्यूटी में तैनात चार कर्मियों को बंधक बना लिया और उनके मोबाइल फोन छीन लिये. इसके बाद स्विच से बड़े और छोटे पंप तक लगी करीब 150 फीट केबल काटकर अपने साथ ले गये. केबल की कीमत करीब दो लाख रुपये बतायी जा रही है.

फोटो | Prabhat Khabar Network

विरोध करने पर ऑपरेटर से मारपीट, जान से मारने की धमकी

कर्मियों के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे अपराधी पंप हाउस पहुंचे. हथियार दिखाकर उन्होंने सभी कर्मियों को अपने कब्जे में ले लिया और मोबाइल फोन छीन लिये. विरोध करने पर अपराधियों ने पंप ऑपरेटर मोइन खान के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गये.

अपराधियों ने कर्मियों को धमकी दी कि किसी ने चालाकी करने की कोशिश की तो जान से मार देंगे. इसके बाद भय के कारण कर्मी करीब तीन घंटे तक चुपचाप वहां बैठे रहे. इस दौरान अपराधियों ने स्विच से बड़े और छोटे पंप तक लगी केबल काटी और उसे समेटकर अपने साथ ले गये.

करीब तीन घंटे बाद अपराधी पंप हाउस से निकल गये. जाते समय उन्होंने कर्मियों के मोबाइल फोन वापस कर दिये.

केबल कटने से रॉ वाटर की सप्लाई ठप

अपराधियों के जाने के बाद कर्मियों ने घटना की जानकारी सुरक्षा इंचार्ज को दी. इसके बाद सीआइएसएफ कंट्रोल रूम को सूचना दी गयी. सूचना मिलते ही सीआइएसएफ और कंपनी के आंतरिक सुरक्षा बल के इंचार्ज मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया.

घटना की जानकारी कोलियरी मैनेजर अमित कुमार को भी दी गयी है. प्रबंधन की ओर से सुदामडीह थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लिखित शिकायत की तैयारी की जा रही है.

केबल कटने के कारण भौंरा गौरखूंटी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को दामोदर नदी से मिलने वाली रॉ वाटर की सप्लाई ठप हो गयी है. क्षेत्र में जलापूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए प्रबंधन वैकल्पिक केबल की व्यवस्था में जुटा है.

रात्रिपाली के कर्मियों में दहशत

पंप हाउस में हथियारबंद अपराधियों के घुसने की घटना के बाद रात्रिपाली में ड्यूटी करने वाले कर्मियों में भय का माहौल है. कर्मियों ने प्रबंधन से पंप हाउस में स्थायी रूप से सुरक्षा गार्ड की प्रतिनियुक्ति करने की मांग की है.

ये भी पढ़ें: IIT ISM के पूर्व छात्र ने बनाया स्वदेशी ड्रोन, 14 हजार फीट पर 78 मिनट भरी उड़ान

कर्मियों का कहना है कि सुनसान क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बिना रात में ड्यूटी करना जोखिम भरा हो गया है. क्षेत्र में इससे पहले भी खदानों, वर्कशॉप और कारखानों से केबल व लौह सामग्री चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं. लगातार हो रही घटनाओं के बीच पुलिस और सीआइएसएफ की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bijay kumar bari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >