Dhanbad (निरसा): निरसा थाना अंतर्गत बैजना पंचायत के मुखिया अजय पासवान पर धोखाधड़ी का सनसनीखेज आरोप लगा है. बैजना बासुदेवपुर कैंप के रहने वाले रिटायर ईसीएल कर्मी राजू भुईयां ने मुखिया पर भयादोहन कर 9 लाख 30 हजार रुपए ठगने का आरोप लगाया है. इस संबंध में राजू भुईयां ने निरसा थाने में लिखित शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है. वहीं, मुखिया अजय पासवान ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है.
क्या है शिकायत में
इस संबंध में पुलिस को दिए शिकायत में राजू भुईयां ने बताया कि वर्ष 2024 में उनके पुत्र अशोक भुईयां की मृत्यु सड़क दुर्घटना में हो गई थी. मुखिया अजय पासवान ने पीड़ित परिवार से सहानुभूति जताते हुए अपना भरोसा जमाया. बेटे की मौत से गम में डूबे पीड़ित परिवार से थाना और कोर्ट का भय दिखाकर रुपए का दोहन किया. राजू भुईयां ने बताया कि बेटे की मौत के बाद मेरी पतोहू ने दूसरी शादी कर ली. मेरी पतोहू के जरिए मुखिया ने कोर्ट में बच्चे की कस्टडी के लिए केस करवा दिया, लेकिन न्यायालय ने बच्चे की कस्टडी दादा दादी यानी राजू भुईयां और उसकी पत्नी देवबंती देवी को दे दिया.
पोते के नाम पर फिक्स डिपॉजिट के लिए 6 लाख लिए
इसके बाद बरवड़ा थाना में पुत्र वधू द्वारा प्राथमिकी दर्ज करने के नाम पर नगद रकम की वसूली की गई. इस तरह से मुखिया ने थाना का डर दिखाकर, बच्चे के नाम पर एफडी कराने के नाम पर 6 लाख लेकर उसे भी हजम कर लिया. मामला तब खुला जब पीड़ित ने मुखिया से बैंक में पैसा जमा करने की रशीद मांगी. राजू भुईयां ने कहा कि कोर्ट ने अपना आदेश दे दिया, उसके बाद जबरन मुखिया ने बॉन्ड पेपर बनवाकर मुझसे अंगूठा लगवा लिया. बेटा को खोने का गम था. ऐसे में अब पोता भी न छीन जाए इस डर से मुखिया को पैसा दे दिया.
थाना के नाम पर ढाई लाख की वसूली
उन्होंने बताया कि मुखिया द्वारा अब तक कोर्ट के नाम पर 80 हजार, थाना के नाम पर 2 लाख 50 हजार और पोते के नाम पर एफडी के लिए 6 लाख रुपए लिया गया. मैंने कहा कि मेरे पोते के नाम पर जो पैसा बैंक में जमा किया है, उसका रसीद दो. तब वह आनाकानी करने लगा. पीड़ित का आरोप है कि अपना भेद खुलते ही मुखिया ने थाना में मेरे ही खिलाफ धमकी देने का शिकायत दर्ज करा दिया. जब मैं अपने पुत्रवधू जो अपने मायके में रह रही थी. उससे जानकारी ली, तब मुझे घटना की सच्चाई के बारे में पता चला.
क्या कहना है मुखिया का
वही, इस संबंध में मुखिया अजय पासवान ने कहा कि लगाये गये सारे आरोप बुनियाद हैं. कुछ दलाल तबके के लोगों द्वारा पीड़ित को बहकाया जा रहा हैं. कोर्ट के कागज पर उसने स्वयं से सभी के सामने अंगूठा लगाया है.
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
थाना प्रभारी अजीत कुमार भारती ने कहा कि शिकायत मिली है. सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है.
ये भी पढ़ें…
Dhanbad: आउटसोर्सिंग के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, थाने के बाहर जमकर हंगामा
धनबाद के बाघमारा में कांग्रेस का धरना, महंगाई और भूधसान को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना
