Dhanbad (जोड़ापोखर): जामाडोबा स्थित एसबीआई एटीएम से पैसा निकालने गए एक व्यक्ति के साथ एटीएम कार्ड फंसाकर 52 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. पीड़ित मंगल सिंह, जो जामाडोबा तीन नंबर स्थित टाटा डीएवी स्कूल के समीप रहते हैं, ने इस संबंध में जोड़ापोखर थाना में शिकायत दर्ज कराई है. मंगल सिंह ने बताया कि वह जामाडोबा स्थित एसबीआई एटीएम से रुपये निकालने गए थे. पैसा निकासी के बाद उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया. काफी प्रयास करने के बावजूद कार्ड बाहर नहीं निकला.
कुछ ही देर में एटीएम कार्ड लेकर गायब हुआ शख्स
इसी दौरान एक युवक एटीएम कक्ष में आया और हेल्पलाइन नंबर पर फोन करने की सलाह दी. मंगल सिंह के पास उस समय मोबाइल फोन नहीं था, इसलिए उन्होंने उस युवक से फोन मांगा, लेकिन युवक ने यह कहकर मना कर दिया कि उसके मोबाइल में बैलेंस नहीं है. इसके बाद मंगल सिंह अपना मोबाइल लाने के लिए घर चले गए. जब वह वापस एटीएम पहुंचे, तो न तो वह युवक वहां मौजूद था और न ही उनका एटीएम कार्ड मिला.
गीता देवी नाम के खाते में ट्रांसफर हुए पैसे
बाद में खाते की जांच करने पर पता चला कि उनके खाते से पीओएस के माध्यम से दो ट्रांजेक्शन किए गए हैं. पहला ट्रांजेक्शन 19,900 रुपये और दूसरा 32,100 रुपये का था. दोनों ट्रांजेक्शन पटना की गीता देवी के नाम पर किए गए बताए जा रहे हैं. मामले की शिकायत मिलने के बाद जोड़ापोखर पुलिस जांच में जुट गई है. जोड़ापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है, और पुलिस मामले की जांच कर रही है. एटीएम मशीन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी. उन्होंने कहा कि मामले का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें…
Dhanbad: हेलमेट थीम पर बना नया ट्रैफिक पोस्ट, बोले एसएसपी – हेलमेट पहनना सुरक्षा की पहली शर्त
