Dhanbad News : आरपीएफ अधिकारी ने कहा : फिलहाल डीसी रेल लाइन को प्रत्यक्ष खतरा नहीं
Dhanbad News : आरपीएफ अधिकारी ने कहा : फिलहाल डीसी रेल लाइन को प्रत्यक्ष खतरा नहीं
Dhanbad News : बीसीसीएल महेशपुर साइलो प्लांट परिसर में बंद पड़ी नौ नंबर सीम के मुहाने को खोल कर किये जा रहे अवैध कोयला उत्खनन और उससे डीसी रेल लाइन को संभावित खतरे की शिकायत के बाद सोमवार को आरपीएफ और रेल विभाग की संयुक्त टीम ने स्थल का निरीक्षण किया. जांच के दौरान रेल अधिकारियों ने ट्रैक की स्थिति की बारीकी से आकलन किया तथा रेलवे सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की. धनबाद आरपीएफ के एसआइ आभास चंद सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम में कतरास रेल खंड के जूनियर इंजीनियर संजय कुमार शर्मा भी शामिल थे. अधिकारियों ने महेशपुर साइलो प्लांट के समीप अवैध खनन स्थल, डीसी रेल लाइन तथा आसपास के इलाके का निरीक्षण किया. टीम ने टुंडू रेल पुल से बंद पड़े बुदौरा हॉल्ट तक रेल मार्ग का भी जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साइलो प्लांट के परियोजना पदाधिकारी धीरज कुमार से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली. प्रबंधन की ओर से बताया गया कि अवैध खनन की सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर संबंधित स्थल पर भराई कर उसे समतल कर दिया गया है. साथ ही, पूरे क्षेत्र की नियमित निगरानी भी की जा रही है ताकि दोबारा ऐसी गतिविधियां न हो सके. जांच के बाद आरपीएफ अधिकारी आभास चंद सिंह ने बताया कि जिस स्थान को लेकर शिकायत की गयी थी, वह डीसी रेल लाइन से लगभग 250 मीटर दूर है. निरीक्षण में पाया गया कि बीसीसीएल द्वारा की गई भराई के कारण वहां खनन के निशान लगभग समाप्त हो चुके हैं. फिलहाल रेल लाइन की सुरक्षा को लेकर कोई प्रत्यक्ष खतरा नहीं पाया गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे क्षेत्र में अवैध खनन, छेड़छाड़ या रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश पर रेलवे अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जायेगी.