नीरज सिंह हत्याकांड : शूटरों की तलाश में यूपी STF की मदद

धनबाद : पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या के 26 दिन बाद भी पुलिस के हाथ शूटरों और उन्हें बुलाने वालों के गिरेबान तक नहीं पहुंच पाये हैं. पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद नहीं कर पायी है. पुलिस ने शूटर को लाने वाले संतोष और शूटर पंकज, विजय तथा […]

धनबाद : पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या के 26 दिन बाद भी पुलिस के हाथ शूटरों और उन्हें बुलाने वालों के गिरेबान तक नहीं पहुंच पाये हैं. पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद नहीं कर पायी है. पुलिस ने शूटर को लाने वाले संतोष और शूटर पंकज, विजय तथा मोनू को दबोचने के लिए यूपी एसटीएफ की मदद मांगी है. यूपी एसटीएफ चारों की तलाश में जुट गयी है. जीटी रोड के दो थानेदारों को पुलिस बल के साथ संतोष समेत चारों शूटरों की गिरफ्तारी के लिए यूपी में कैंप करने व स्थानीय पुलिस से समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया है.

पति ने दी थी पत्नी को रंजय की हत्या की धमकी

धनबाद के एसएसपी मनोज रतन चोथे खुद यूपी के सीनियर अफसरों से लगातार मोबाइल पर संपर्क में है
पुलिस टीम शूटरों तक पहुंचने के लिए उनके संबंधियों पर दबिश बनायी हुई है. पुलिस संबंधियों से शूटरों के नये मोबाइल नंबर हासिल करने की कोशिश में है. पुलिस को शूटरों का नया मोबाइल नंबर हाथ नहीं लगने से सही लोकेशन नहीं मिल पा रहा है. पुलिस ने पंकज व संतोष के सहयोगी रहे यूपी के तीन-चार युवकों को स्थानीय पुलिस की मदद से पकड़ पूछताछ की है. चारों ने दोनों से एक माह से संपर्क नहीं होने की बात कही. हालांकि उन अपराधियों के संभावित ठिकानों के बारे में पुलिस को जानकारी दी है.
रंजय के मोस्ट वांटेड रिश्तेदार की तलाश
बिहार में कैंप कर रही पुलिस की एक टीम लगातार रंजय के संबंधियों पर दबाव बनाये हुए है. पुलिस बिहार में मोस्ट वांटेंड रंजय के एक रिश्तेदार की तलाश कर रही है. बिहार पुलिस ने उस पर इनाम घोषित कर रखा है. पुलिस ने संतोष से मोबाइल पर बातचीत करने वाले तीन युवकों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया है. अब संतोष से संपर्क रखने वाले झरिया व धैया के दो युवकों की तलाश की जा रही है. दोनों अभी कहीं बाहर काम कर रहे हैं. काफी पहले दोनों युवक मोबाइल पर संतोष से बातचीत कर चुके हैं. पुलिस ने नीरज हत्याकांड में स्टील गेट के दर्जन भर दुकानदारों का बयान दर्ज किया है.
लेकिन किसी ने हत्यारों के हुलिया के बारे में जानकारी नहीं दी है. पुलिस ने स्टील गेट के एक दुकानदार को संदेह के घेरे में रखा है. संबंधित दुकानदार ने हत्या के बाद मोबाइल से एक आरोपी को कॉल किया था. पुलिस मामले में हत्याकांड के एक मात्र प्रत्यक्षदर्शी गवाह आदित्य राज का कोर्ट में बयान कराने की तैयारी में है.
घड़ियाली आंसू बहा रही कुंती देवी : एकलव्य
कहा : सैकड़ों राउंड गोलियां चलायी गयी, पूर्व विधायक के घर से कोई नहीं निकला
डिप्टी मेयर एकलव्य सिंह ने कहा है कि उनके भाई नीरज सिंह सहित चार लोगों की हत्या के मामले में पुलिस जांच को भटकाने के लिए झरिया की पूर्व विधायक कुंती देवी गलत बयानबाजी कर रही हैं. रविवार को यहां जारी बयान में कहा एकलव्य ने कहा कि नीरज सिंह सहित चार लोगों पर सैंकड़ों राउंड गोली पूर्व विधायक के घर के सामने चली. उनके घर में कई सरकारी अंगरक्षक थे. लेकिन एक भी बाहर नहीं निकला. जब इस हत्याकांड में पूर्व विधायक के पुत्र सह झरिया के वर्तमान विधायक संजीव सिंह की गिरफ्तारी होती है
तो वह घड़ियाली आंसू बहा रही है. उन्हें इस कांड में मारे गये के परिवार के बारे में भी सोचना चाहिए. नीरज सिंह के साथ मारे गये ड्राइवर घोलटू, अंगरक्षक मुन्ना तिवारी एवं पीए अशोक यादव का क्या कुसूर था. ये लोग अपने परिवार के भरन-पोषण के लिए ही नौकरी कर रहे थे. उनके परिजन आज गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं.
रंजय हत्याकांड से कोई लेना-देना नहीं
डिप्टी मेयर ने कहा कि रंजय सिंह हत्याकांड से उन लोगों का कोई लेना-देना नहीं है. उनके बड़े भाई नीरज सिंह ने रंजय की हत्या के बाद ही कहा था कि वे लोग हत्या की राजनीति नहीं करते. उन लोगों का आज भी वहीं स्टैंड है. इस मामले में उन लोगों को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है. पुलिस प्रशासन को इस मामले में जिस तरह का सहयोग चाहिए वे लोग करने को तैयार हैं.
हत्या के आरोपी को पांच बॉडीगाॅर्ड पर उठाया सवाल
श्री सिंह ने पुलिस द्वारा झरिया विधायक के भाई सिद्धार्थ गौतम उर्फ मनीष सिंह को पांच सरकारी बॉडीगॉर्ड दिये जाने पर भी आपत्ति जतायी है. कहा कि सिद्धार्थ गौतम नीरज सिंह हत्याकांड का नामजद अभियुक्त है. सिद्धार्थ को गिरफ्तार करने की जगह पुलिस उन्हें सुरक्षा दे रही है. जबकि दिवंगत नीरज सिंह की पत्नी पूर्णिमा सिंह तथा उनके मौसेरे भाई हर्ष सिंह को आवेदन देने के बाद भी बॉडीगॉर्ड नहीं दिया गया. जबकि उन दोनों को जान का खतरा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >