Dhanbad News: 461.90 करोड़ की आठ लेन सड़क फिर धंसी, डेढ़ साल में आठवीं घटना

झारखंड मोड़-बिनोद बिहारी चौक सर्विस लेन में बना करीब छह फीट गहरा गोफ. मरम्मत के लिए तीन दिन तक बंद रहेगा रास्ता.

झारखंड की पहली आठ लेन सड़क एक बार फिर धंस गयी है. 461.90 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस सड़क पर मंगलवार दोपहर करीब एक बजे झारखंड मोड़ से बिनोद बिहारी चौक जाने वाली सर्विस लेन में अचानक गड्ढा बन गया. करीब दो फीट चौड़ा और तीन फीट लंबा यह गोफ लोगों के लिए दहशत का कारण बन गया. गनीमत रही कि घटना के वक्त कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ. जिस जगह गोफ बना है, उसके नीचे पुलिया होने और पानी के तेज बहाव के कारण मिट्टी खिसकने से यह स्थिति बनी. घटना की सूचना मिलते ही पथ निर्माण विभाग और निर्माण कंपनी त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया गया. प्रशासन के अनुसार मरम्मत कार्य बुधवार से शुरू होगा और अगले तीन दिन तक इस लेन में यातायात बंद रहेगा.

हाइड्रो प्रेशर टेस्टिंग नहीं, बार-बार धंस रही सड़क

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सर्विस लेन के नीचे से गुजर रही भेलाटांड़ जलापूर्ति योजना की राइजिंग पाइपलाइन का ज्वाइंट खुल गया, जिससे तेज पानी के दबाव में मिट्टी बह गयी और सड़क धंस गयी. अधिकारियों ने माना कि हाइड्रो प्रेशर टेस्टिंग नहीं होने से इस तरह की समस्या बार-बार सामने आ रही है. अब पुराने पाइप को हटाकर नयी पाइपलाइन लगाने की तैयारी है.

उद्घाटन के दूसरे दिन ही धंसी थी सड़क

इस सड़क का ऑनलाइन उद्घाटन चार अक्तूबर 2024 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया था. हैरानी की बात है कि उद्घाटन के अगले ही दिन असर्फी अस्पताल के पास पहली बार सड़क धंस गयी थी. धारजोरी बस्ती, 99 कोयलांचल सिटी, मेमको मोड़, राजा तालाब और भूली बस्ती जैसे कई स्थानों पर पहले भी सड़क धंस चुकी है.

गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल

लगातार हो रही घटनाओं से सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गये हैं. धारजोरी बस्ती, कोयलांचल सिटी, मेमको मोड़, राजा तालाब और भूली बस्ती जैसे इलाकों में पहले भी सड़क धंस चुकी है. स्थानीय लोग इसे घटिया निर्माण और लापरवाही का नतीजा बता रहे हैं. पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता मिथिलेश प्रसाद ने बताया कि पानी के अत्यधिक दबाव से पाइप का ज्वाइंट खुल गया, जिससे मिट्टी बह गयी. गड्ढे की बैरिकेडिंग कर दी गयी है और पाइप बदलने का काम शुरू किया जायेगा. उन्होंने बताया कि अगस्त 2026 तक सड़क का मेंटेनेंस निर्माण कंपनी के जिम्मे है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >