सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन ने दिया निर्देश
धनबाद : सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसइ) ने पत्र जारी कर हाल ही में भारत के मानचित्र के संबंध में निर्देश जारी किया है. निर्देश में कहा गया है कि सर्वे ऑफ इंडिया की ओर से भारत का नया राजनीतिक मानचित्र जारी किया गया है. ऐसे में विद्यार्थियों को पुराने नक्शे से न पढ़ा कर नये मानचित्र से पढ़ाया जाये. इसके अलावा स्कूल के विभिन्न जगहों जैसे लाइब्रेरी, प्राचार्य कक्ष, सोशल साइंस लैब समेत अन्य जगहों से पुराने नक्शे को हटा नया नक्शा लगाने की बात कही गयी है. इसके अलावा भूगोल के शिक्षकों को भी दिशा-निर्देश दिया गया है कि वे विद्यार्थियों को भारत के नये और पुराने नक्शे में हुए बदलाव की जानकारी विस्तार से दें.
राज्य के बंटवारे की देनी होगी जानकारी
सीबीएसइ के निर्देश के अनुसार, स्कूल में अब विद्यार्थियों को देश के 28 राज्यों और नौ केंद्रशासित प्रदेशाें की विस्तृत जानकारी दी जायेगी. निर्देश में शिक्षकों को कहा गया है कि वे विद्यार्थियों को देश के मानचित्र के बदलाव की जानकारी दें. देश का राजनीतिक मानचित्र कैसे-कैसे समय के साथ बदला और राज्यों को बंटवारा कैसे हुआ, यह भी बतायें. खास तौर पर शिक्षकों को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अलग केंद्रशासित प्रदेश बनने के बाद तैयार हुए भारत के नक्शे में हुए बदलाव को बताने को कहा गया है.
