घर का ताला तोड़ अंदर घुसे चोर
50 हजार रुपये नकद और एक लाख से अधिक के जेवर की चोरी
बरवाअड्डा : बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यू कॉलोनी बड़ाजमुआ–बरवाअड्डा में शुक्रवार की देर रात कोयला कारोबारी सह ट्रांसपोर्टर अजीत कुमार के बंद आवास का ताला तोड़कर चोरों ने 50 हजार नगद समेत हजारों रुपये के सामान चुरा लिये. इस संबंध में अजीत कुमार (पिता केदार प्रसाद सिंह) ने थाना में चोरी की शिकायत दर्ज करायी है.
थाना में दिये आवेदन में श्री कुमार ने कहा कि विगत 31 अक्तूबर को आवास में ताला बंद कर छठ पर्व के लिए सपरिवार अपने पैतृक गांव डांगा, देवघर गये थे. घटना की रात दो बजे पड़ोसियों से सूचना मिली कि उनके घर में चोरी हो गयी है. इसके बाद जब वह यहां पहुंचे तो देखा कि घर का मुख्य दरवाजा एवं अलमारी का ताला टूटा है. अलमारी में रखे सामान व गहने गायब हैं. उन्होंने बताया कि गांव जाने के एक दिन पूर्व 30 अक्तूबर को ही घर की सुरक्षा के लिए थाना में आवेदन दिया था.
पड़ोसी को पुलिस समझ भागे चोर : जिस समय चोर उनके घर में चोरी कर रहे थे. उस दौरान मुहल्ले में उनका एक पड़ोसी अपने चार पहिया वाहन से धनबाद के एक हॉस्पिटल से घर लौट रहा था. चोर उनकी गाड़ी को पुलिस की गाड़ी समझ कर घर से कूद कर भाग खड़े हुए. यह देख उक्त पड़ोसी ने मुहल्ले के लोगों को घटना की सूचना दी. पड़ोसियों ने बताया कि बरवाअड्डा थाना के सरकारी नंबर पर कई बार फोन किया, पर किसी ने फोन नहीं उठाया.
दूसरे दिन शनिवार को पुलिस खोजी कुत्तों को लेकर घटनास्थल पहुंची और घटना की जांच की. इस संबंध में थानेदार संदीप बाघवार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है. भुक्तभोगी के अनुसार चोरी गये सामान में 50 हजार रुपये नगद, सोना की दो जोड़ी कानबाली, तीन जोड़ा पायल, चोदी की दो जोड़ी बिछिया, छह पीस चांदी के सिक्के शामिल हैं. इनकी कीमत एक लाख रुपये से अधिक बतायी जाती है.
