बीजीएच में विभिन्न जगहों से पहुंचते हैं मरीज
रंजीत कुमार
बोकारो : बोकारो जेनरल अस्पताल के नेत्र ओपीडी में हर वर्ष औसतन 40 हजार मरीजों का इलाज किया जाता है. मोतियाबिंद, स्किवंट, ऑकुलोप्लास्टी, ग्लूकोमा के मरीज यहां पहुंचते हैं. बीजीएच के साथ विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से 17 वर्षों के दौरान बीजीएच के नेत्र चिकित्सक डॉ संजय चौधुरी 27 हजार से अधिक मरीजों का इलाज कर चुके हैं. बीजीएच के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं के निदेशक (नेत्र विभाग) डॉ संजय चौधुरी ने गुरुवार को ‘प्रभात खबर’ से कहा : विश्व दृष्टि दिवस को सफल बनाने के लिए रक्तदान की तरह ही नेत्र दान अभियान चलाने की जरूरत है.
नेत्रदान के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर बल
एक फीसदी से भी कम हैं नेत्रदाता
देश में नेत्र दान व कोर्निया प्रत्यारोपण के दान दाता एक फीसदी से भी कम हैं. देश में 25 लाख लोग अभी भी दृष्टिहीनता के शिकार हैं. भारत में हर साल 80 से 90 लाख लोगों की मृत्यु होती है. नेत्र दान करने वालों की संख्या 25 हजार के आसपास है. बोकारो जेनरल अस्पताल (नेत्र बैंक – वर्ष 2013 से संचालित) की ओर से नेत्र दान को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है.
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ पिंकी पाल, डॉ श्रीनाथ व डॉ राजेश ने कहा : अंतरराष्ट्रीय दृष्टि दिवस पहली बार लायंस क्लब इंटरनेशनल फाउंडेशन द्वारा वर्ष 2000 में दृष्टि प्रथम अभियान शुरू किया गया था. इस दिन को दृष्टि हानि, अंधापन व अन्य दृष्टि संबंधी समस्याओं के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए मनाया जाता है. दृष्टि दिवस को एक दान दिवस की तरह मनाना चाहिए. दृष्टि दान करने के लिए प्रोत्साहित करें. आंखें कैसे बचाये रखना चाहिए. यह बच्चों को जरूर जानकारी दें. विशाल स्तर पर जागरूकता फैलाने के लिए वैश्विक उत्सव आयोजित किया जाना चाहिए. बच्चों के बीच विटामिन ‘ए’ से संबंधित खाद्य पदार्थों का वितरण किया जाना चाहिए.
स्वस्थ आंखों के लिए सुझाव
सूरज की हानिकारक पाराबैंगनी किरणों से आंखों की सुरक्षा के लिए चश्मा पहनें.
आहार में अधिक से अधिक हरी सब्जियों को शामिल करने का प्रयास करें.
धूम्रपान से बचे. इससे ऑप्टिक तंत्रिका क्षति, मोतियाबिंद व धब्बेदार पतन जैसी बीमारियों के खतरा .
कंप्यूटर पर काम करते समय हर 20 मिनट के बाद आंखों को 20 सेकेंड का आराम दें.
अपनी आंखों की नियमित जांच करायें.
हाथों को ठीक से धोने से पहले आंखों को ना छुएं.
नियमित रूप से व्यायाम आंखों को स्वस्थ बनाता है.
