केंदुआ : बीसीसीएल के बस्ताकोला क्षेत्र में कार्यरत माइनिंग सरदार मुन्ना सिंह के कुस्तौर नया धौड़ा स्थित क्वार्टर में शनिवार की रात चोरों ने एक लाख रुपये नगद, सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब पांच लाख की संपत्ति चोरी कर ली.
घटनास्थल केंदुआडीह थाना क्षेत्र में पड़ता है. बताया जाता है कि शनिवार की रात्रि पाली ड्यूटी में मुन्ना सिंह थे. घर पर 75 वर्षीय बुजुर्ग मां विमला देवी, पत्नी सोनी सिंह व बच्चे क्वार्टर के अलग-अलग कमरे में सोये हुए थे. रविवार की सुबह नींद टूटने पर मुन्ना सिंह के घरवालों को चोरी का पता चला.
तब परिजन ने मुन्ना सिंह को फोन कर घटना की जानकारी दी. फौरन मुन्ना सिंह अपने क्वार्टर पहुंचे व 100 नंबर डायल कर पुलिस को घटना की सूचना दी. मुन्ना सिंह ने बताया कि वे दो भाई हैं. छोटा भाई गौतम कुमार सिंह यूको बैंककर्मी है, जो अभी देवघर में पोस्टेड हैं. उसका सामान भी इसी घर में रखा हुआ था.
छुट्टी में आया बैंककर्मी भाई शनिवार को ही देवघर निकल गया था. बिहार के सासाराम, डेहरी ऑनसोन के पनडुहार गांव के रहने वाले मुन्ना सिंह की मां विमला देवी ने बताया कि वह रोज चार बजे उठ जाती थीं, लेकिन रविवार की सुबह उजाला होने के बाद नींद खुली.
घरवालों के अनुसार घटना को रात्रि 12 से 2 बजे के अंजाम दिया गया है. आंगन की पिछली दीवार फांद कर घर में घुसे चोरों ने पहले ग्रिल गेट का ताला तोड़ने का प्रयास किया. ताला नहीं तोड़ पाने पर ग्रिल की कुंडी लगनेवाली दीवार को तोड़ अंदर लकड़ी के दरवाजे की कुंडी खोल घर में दाखिल हुए.
जिस कमरे में चोरों ने अलमीरा, दीवान व ट्रंक को खंगाला, उस कमरे में कोई नहीं सोया था. चोरों ने पूरे कमरे का सामान तितर-बितर कर दिया और कीमती सामान लेकर आंगन के पीछे के दरवाजे के रास्ते बाहर निकल गये. घर के पीछे ट्राॅली बैग, कंबल व जेवर रखने के बॉक्स चोरों ने फेंक दिया था. मुन्ना सिंह ने घटना की लिखित शिकायत केंदुआडीह पुलिस को दे दी है. पुलिस ने घटनास्थल जाकर छानबीन की.
क्या-क्या हुई चोरी
लगभग एक लाख नगदी, एटीएम, आवश्यक कागजात, सोने का सामान – मंगलसूत्र, हार सेट, चूड़ी चार पीस, बाली दो, झुमका व टॉप सेट, तीन पीस चेन, सात अंगूठी, चांदी का सामान – पायल एक जोड़ी व बिछिया, कटोरा, मछली, पान पत्ता, बीस पीस सिक्का, बर्तन- पीतल बर्तन सेट, फुलहा बर्तन सेट, स्टील बर्तन सेट, कपड़ा व साड़ी – दो से पांच हजार मूल्य की 30 साड़ी, दोनों भाई का सूट, शेरवानी, 20 सेट कपड़ा.
