योग के लिए पंचायत से लेकर जिप तक को मिली थी राशि
धनबाद : सरकार के आदेश तथा राशि आवंटन के बावजूद पहले तो पंचायत से लेकर जिला परिषद तक योग कार्यक्रम नहीं हुआ. ऊपर से राशि वापसी के आदेश के एक माह से भी अधिक समय बीत जाने के बावजूद किसी भी पंचायत समिति या बीडीओ या जिला परिषद की तरफ से न तो उपयोगिता प्रमाणपत्र दिया गया, न ही राशि लौटायी गयी.
प्रभात खबर ने किया था खुलासा : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को राज्य सरकार की तरफ से योग कार्यक्रम के लिए सभी पंचायत समितियों को 10-10 हजार, सभी बीडीओ को 20-20 हजार तथा जिला परिषद को 50 हजार रुपये आवंटित हुए थे. कुल 28 लाख 10 हजार रुपये आवंटित हुए थे. लेकिन यहां अधिकांश पंचायतों में कोई कार्यक्रम हुआ ही नहीं. प्रखंडों में पंसस को इसकी भनक तक नहीं लगी. जिला मुख्यालय स्थित जिला परिषद तक में कोई कार्यकम नहीं हुआ.
इस मामले का खुलासा 26 जून को प्रभात खबर ने किया. खबर छपने के बाद धनबाद के तत्कालीन डीसी ए दोड्डे ने सभी बीडीओ से रिपोर्ट तलब की थी. उन्हें दो दिनों के अंदर योग कार्यक्रम की जानकारी देने को कहा था. कहा था कि अगर कार्यक्रम हुआ है तो उसका वीडियो या तस्वीर के साथ उपयोगिता प्रमाणपत्र दें, अगर नहीं हुआ है तो राशि सरेंडर कर दें.
