भूली में पोल से टकरायी कार
सीएमपीएफकर्मी का एकलौता बेटा भी मृतकों में
भूली : भूली बी ब्लाॅक मध्य विद्यालय के समीप बुधवार को तड़के साढ़े तीन बजे सड़क दुर्घटना में स्विफ्ट कार पर सवार इंजीनियरिंग के दो छात्रों की मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य घायल हो गये. जानकारी के अनुसार आतिफ और राज दोनों स्विफ्ट कार (जेएच 10 एइ 3192) से पहले धनबाद गये तथा वहां से अभिषेक को लेकर तीनों ने धनबाद स्टेशन रोड में पार्टी की.बाद में तीनों भूली की ओर चल दिये.
रास्ते में उन्होंने सोनू हांसदा फिर नवाब उर्फ सोनू को बुला लिया.इसी दौरान बी ब्लाॅक स्थित मध्य विद्यालय के समीप इनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. कार बिजली के खंभे से टकरा कर स्कूल की चहारदीवारी में जा कर रुक गयी. इसी दौरान भूली पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी वहां से गुजर रही थी.
भूली ओपी प्रभारी चंदन कुमार ने तत्काल सभी युवकों को निकट के अस्पताल पहुंचाया. जहां दो को मृत तथा तीन को गंभीर हालत में विभिन्न अस्पतालों में रेफर कर दिया गया. अभिषेक दुर्गापुर में इंजीनियरिंग की पढाई कर रहा था. जबकि सोनू रांची में पढ़ाई कर रहा था. अभिषेक इकलौता पुत्र था. उसके पिता अवध किशोर चौधरी सीएमपीएफ में कार्यरत हैं. सोनू हांसदा के पिता गुट्टू मांझी घर के समीप ही नास्ते का होटल चलाते हैं. सोनू अपने चार भाइयों मे दूसरे नंबर था.
