धनबाद : धनबाद रेल एसपी श्रीकांत सुरेश राव खोत्रे ने चुनाव ड्यूटी में दुमका भेजे गये जवानों की संख्या को लेकर गलत जानकारी देने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है. ये हैं सार्जेंट महेश कुमार चौधरी, एएसआइ अशोक कुमार चटर्जी व दिवा पदाधिकारी मनोज कुमार तिवारी.
245 की जगह भेजे गये थे 104 जवान
दुमका में 19 मई को लोकसभा चुनाव था. इसे लेकर धनबाद जीआरपी से दुमका 245 जवानों को भेजा जाना था. यहां पर सात बस भेजी गयी थी, जिस पर सवार होकर जवान दुमका जाते. लेकिन जाने के दिन कई जवान गायब थे.
बाद में सभी को बुलाया गया और जीआरपी के सार्जेंट महेश कुमार चौधरी, एएसआइ अशोक कुमार चटर्जी व दिवा पदाधिकारी मनोज कुमार तिवारी को गिनती कर जवानों को भेजने का आदेश दिया गया. इन तीनों ने जवानों की गिनती की और रेल एसपी कार्यालय को बताया कि बस से 204 जवान भेजे गये हैं और अन्य 41 जवान अपने वाहन से जा रहे हैं.
जब सभी जवान दुमका पहुंचे तो वहां से धनबाद जीआरपी को सूचना आयी कि मात्र 104 जवान ही ड्यूटी के लिए पहुंचे हैं बाकी जवान नहीं आये हैं. रेल एसपी के संज्ञान में मामला आने के बाद रेल डीएसपी वन संजीव बेसरा को जांच करने का आदेश दिया गया. जांच में पाया गया कि 104 जवान ही चुनाव ड्यूटी पर गये और इन तीनों ने गलत जानकारी विभाग को दी. इसके बाद इन तीनों को सस्पेंड कर दिया गया.
