डीसी लाइन पर ट्रेन दौड़ाने के लिए ट्रैक पर रेलवे

कतरास/लोयाबाद : बंद पड़े धनबाद-चंद्रपुरा रेल खंड पर एक बार पुन: ट्रेन चलाने की तैयारी शुरू हो गयी है. रेलवे के तकनीकी कर्मी ट्रैक को दुरुस्त करने व साफ-सफाई में जुट गये हैं. बुधवार को धनबाद रेल मंडल के तकनीकी अधिकारियों ने रेलखंड के बड़े हिस्से का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया. जानकार सूत्र […]

कतरास/लोयाबाद : बंद पड़े धनबाद-चंद्रपुरा रेल खंड पर एक बार पुन: ट्रेन चलाने की तैयारी शुरू हो गयी है. रेलवे के तकनीकी कर्मी ट्रैक को दुरुस्त करने व साफ-सफाई में जुट गये हैं. बुधवार को धनबाद रेल मंडल के तकनीकी अधिकारियों ने रेलखंड के बड़े हिस्से का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया.
जानकार सूत्र बताते हैं कि अधिकारियों ने ट्रैक के रखरखाव पर संतोष जताया. मंडल के सहायक अभियंता शत्रुघ्न प्रसाद, पीडब्ल्यूआइ केजे नंदी तथा आइओडब्ल्यू वी बासु आदि ने ट्रॉली पर बसेरिया हाल्ट, बांसजोड़ा स्टेशन, अंगारपथरा हाल्ट एवं कतरास होते हुए तेतुलिया साइडिंग तक पटरी की स्थिति को देखा.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि बांसजोड़ा पूर्वी केबिन के निकट बीसीसीएल में कार्य कर रही डेको आउटसोर्सिंग कंपनी ने रेल पटरी पर पीसीसी पथ की ढलाई कर दी है. इस पथ से कंपनी के हाइवा का परिचालन किया जा रहा है. अधिकारियों ने हाइवा परिचालन पर तुरंत रोक लगा दी.
बांसजोड़ा कोलियरी प्रबंधन से इस बाबत बात करने में असफल होने पर रेल अधिकारियों ने सिजुआ एरिया के महाप्रबंधक पी. चंद्रा से दूरभाष पर बात की और रेललाइन के बीचों-बीच बनी पीसीसी सड़क को तोड़ने को कहा. अधिकारियों ने जीएम को बताया कि अब इस रेल मार्ग पर गतिविधियां शुरू हो रही हैं.
आज धनबाद डीआरएम करेंगे निरीक्षण
गुरुवार को धनबाद डीआरएम अनिल कुमार मिश्र अधिकारियों के साथ रेलवे ट्रैक का निरीक्षण करेंगे. जब रेल अधिकारियों ने आज शाम तक मार्ग साफ कराने की बात कही तो महाप्रबंधक श्री चंद्रा ने कहा कि एनओसी लेकर रेल लाइन पार करने के लिए सड़क बनायी गयी है.
इस पर सहायक अभियंता ने कहा कि रेलवे ने बीसीसीएल को कोई एनओसी नहीं दिया है. टीम तेतुलिया से लौटने तक सड़क हटाने की बात कह अंगारपथरा के लिए रवाना हो गयी. अंगारपथरा में अधिकारियों ने ट्रैक व यहां की आग को देखा.
इसके बाद ये लोग कतरासगढ़ स्टेशन पहुंचे, जहां पहले से मौजूद रेल दो या जेल दो महाधरना के आंदोलनकारी पार्षद विनोद गोस्वामी एवं राजेंद्र प्रसाद राजा ने उनका स्वागत किया. सहायक अभियंता शत्रुघ्न प्रसाद ने आंदोलनकारियों के सवाल पर कुछ भी बताने से इंकार कर दिया.
सिर्फ इतना कहा कि एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी गयी है. प्राथमिक निरीक्षण में ट्रैक फिटिंग, मोटर, रेलवे फाटक, केबिन सिस्टम व गंदगी आदि को देखा जा रहा है. इसके बाद टीम तेतुलिया होते हुए सोनारडीह तक गयी.
निरीक्षण के लिए डीआरएम ने डीजीएमएस व सीसीआरएस को लिखा पत्र
ट्रेनों के परिचालन के लिए कई सुधार की आवश्यकता
आचार संहिता से पहले परिचालन की तैयारी
प्राक्कलन तैयार कर भेजा जायेगा जाेनल ऑफिस
धनबाद : धनबाद-चंद्रपुरा रेल खंड पर ट्रेनों के परिचालन की बाबत डीआरएम अनिल कुमार मिश्र ने कहा कि डीजीएमएस के डीजी पीके सरकार व चीफ कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी शैलेश कुमार पाठक को बुधवार को पत्र भेजा गया.
दोनों अधिकारियों से संयुक्त रूप से डीसी रेल लाइन का निरीक्षण करने का आग्रह किया गया है. तिथि तय होते ही 34 किलोमीटर लंबी लाइन का निरीक्षण दोनों अधिकारी करेंगे.
यदि सब कुछ ठीक-ठाक रहा, तो ट्रेन परिचालन की अनुमति मिल जायेगी. श्री मिश्र ने बताया कि वह गुरुवार को धनबाद से चंद्रपुरा तक रेलखंड का ट्रॉली से निरीक्षण करेंगे. इस दौरान एक-एक प्वाइंट की जांच की जायेगी.
एेसी आशंका है कि बंद रूट पर कई सामान व केबल चोरी हो चुके हैं. सबसे ज्यादा नुकसान सिग्नल विभाग को हुआ है. गुरुवार के निरीक्षण के बाद तय होगा कि आगे क्या करना है. कमियां कितनी राशि से पूरी की जा सकेंगी. इसका प्राक्कलन बनाकर जाेनल मुख्यालय भेजा जायेगा.
स्वीकृति मिलने के 10 दिनों के अंदर कार्य पूरा कर लिया जायेगा. सूत्रों की मानें तो आम चुनावों की घोषणा से पहले इस रूट पर ट्रेनों के परिचालन की तैयारी है. 15 फरवरी के बाद कभी भी चुनाव की घोषणा हो सकती है. ऐसे में फरवरी के पहले या जनवरी के अंत तक परिचालन की बात कही जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >