माफिया के इशारे पर रंगदारी का अारोप लगा रहे हैं बीएन सिंह : ढुलू, कानूनी नोटिस भेज सात दिनों में आरोप का खंडन करने को कहा

धनबाद : बाघमारा विधायक ढुलू महतो ने कोयला लदाई के नाम पर रंगदारी वसूलने का आरोप लगाने वाले इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएन सिंह पर जवाबी हमला किया है. उन्होंने सिंह को कानूनी नोटिस भेज कर आरोपों का सात दिन में खंडन करने अन्यथा मानहानि का मुकदमा झेलने के लिए तैयार रहने की […]

धनबाद : बाघमारा विधायक ढुलू महतो ने कोयला लदाई के नाम पर रंगदारी वसूलने का आरोप लगाने वाले इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएन सिंह पर जवाबी हमला किया है. उन्होंने सिंह को कानूनी नोटिस भेज कर आरोपों का सात दिन में खंडन करने अन्यथा मानहानि का मुकदमा झेलने के लिए तैयार रहने की धमकी दी है.
सर्किट हाउस में गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा नेता ढुलू ने कहा : बीएन सिंह माफिया के रिश्तेदार हैं. माफिया के इशारे पर राजनीति के तहत मुझ पर रंगदारी का आरोप लगा रहे हैं. वह अवैध कोल कारोबारियों के सिंडिकेट के सहारे अपना हार्डकोक भट्ठा चला रहे हैं. भट्ठा में मजदूरों का शोषण कर रहे हैं. माफिया के लिए चंदा कर चुनाव में देते हैं.
गलत अारोप लगाकर मेरी छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है. पर्दे के पीछे माफिया व कुछ राजनीतिज्ञ हैं. मैं माफिया से डरने वाला नहीं हूं. मैं माफिया व कोल कारोबारियों के चंदे से नहीं, बल्कि बाघमारा की गरीब जनता व किसानों के आशीर्वाद से चुनाव जीतता हूं. पहले धनबाद में जिस तरह से गोली-बम और लाठी के दम पर माफिया के पहलवान मजदूरों का शोषण करते थे, बीएन सिंह उसी नीति पर चलना चाहते हैं.
लेकिन अब ऐसा नहीं होगा. मजदूरों के लिए लड़ने वाले ढुलू को चारों ओर से कमजोर करने की कोशिश की जा रही है. डराने व फंसाने की कोशिश हो रही है. अब यह सब चलने वाला नहीं है. मजदूर और उसका बेटा जागरूक हो गया है.
क्या है कानूनी नोटिस : ढुलू महतो की तरफ से अधिवक्ता ललन किशोर प्रसाद ने बीएन सिंह को कानूनी नोटिस भेजा है. उसमें कहा गया है : सात दिनों में रंगदारी के आरोप का खंडन करें. रंगदारी मांगने, कोयला उठाव में बाधा डालने व फैक्टरी बंद कराने का आरोप बेबुनियाद है. अगर सात दिनों के भीतर आरोप का खंडन नहीं किया गया तो बीएन सिंह पर मानहानि का मुकदमा करेंगे.
लोडिंग दर बढ़ाने-घटाने से कोई लेना-देना नहीं
ढुलू ने कहा : मजदूरों की लोडिंग दर क्या है. रेट कब बढ़ा-घटा है. इससे मेरा कोई लेना-देना नहीं है. मजदूर अगर अपना हक मांगते हैं तो मिलना चाहिए. विधायक होने के नाते अगर मजदूर मुझसे मदद मांगेंगे तो तो हम तैयार हैं. मैं मजदूरों के लिए कोई भी कुर्बानी देने को तैयार हूं. बीएन सिंह बतायें कि मैंने कब किस व्यवसायी को घर में बुलाकर लोडिंग बढ़ाने को कहा है?
कब किससे फोन कर रंगदारी मांगी है? बीएन सिंह से मेरी कब बात हुई है? मोबाइल कॉल डिटेल से इसकी सच्चाई सामने आ जायेगी. बीएन सिंह और अन्य व्यवसायी मोमेंटम झारखंड की बात करते हैं. यही मोमेंटम झारखंड है. चोरी का कोयला से उद्योग चलें और सरकार को राजस्व की हानि हो. अगर हिम्मत है तो लिंकेज छोड़कर सामान्य दर पर कोल उठाव कर देश हित में काम करें. भाजपा सरकार सबका साथ सबका विकास पर चल रही है. व्यवसायी के साथ मजदूरों का विकास भी जरूरी है. मैं मजदूरों के साथ हूं.
मैनेजर राय के साथ ईमानदारी की बात…
विधायक ने कहा कि इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स एसोसिएशन की बैठक व पीसी में कोयला चोरी के कई मामले में आरोपित मैनेजर राय बैठते हैं. मैनेजर राय को बगल में बैठा कर बीएन सिंह मजदूरों के नेता गरीब जनप्रतिनिधि पर रंगदारी का झूठा आरोप लगाते हैं. मैनेजर के साथ बैठकर रंगदारी का विरोध व ईमानदारी की बात क्या शोभा देती है.
जिले के हार्डकोक भट्ठों में कार्य करने वाले मजदूरों को डेढ़ सौ दो सौ रुपये मजदूरी देकर उनसे 12 से 15 घंटे तक काम लिया जाता है. अधिकांश हार्डकोक भट्ठा में मजदूरों का शोषण हो रहा है. केंद्र और राज्य सरकार की नियमावली के तहत मजदूरों को भुगतान नहीं किया जाता. व्यवसायी अगर मजदूरों के बैंक खाते में कोयला लोडिंग की राशि का भुगतान करते हैं तो यह और बढ़िया है.
90 प्रतिशत हार्डकोक भट्ठों में चोरी का कोयला
ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद के 90 प्रतिशत हार्डकोक भट्ठों में चोरी का कोयला जाता है. लिंकेज का कोयला ऊंची दर पर सीधे मंडियों में भेजा जा रहा है. इसकी सीबीआइ जांच हो. मैं विधानसभा में मामला उठाऊंगा. बीएन सिंह चोर मचाये शोर वाली कहावत चरितार्थ कर रहे है.
मजदूर पीएम-सीएम को करेंगे ट्विट
ढुलू ने कहा कि मजदूरों के साथ अन्याय हो रहा है तो आवाज प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री तक जायेगी. मजदूर के बेटे भी अब पढ़े-लिखे हैं, मोबाइल चलाते हैं. कोलियरी में कोयला लोडिंग करने वाले मजदूर अपने हक के लिए अपने साथ हो रहे अन्याय के लिए सरकार को पत्र भेजेंगे. ट्विट करेंगे.
पे-लोडर से लोडिंग में भी रंगदारी टैक्स किसकी जेब में जाता है, बतायें ढुलू
धनबाद : इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएन सिंह ने गुरुवार को कहा कि अपने आपको मजदूरों के मसीहा कहने वाले विधायक ढुलू महतो बतायें कि चैतुडीह व कनकनी में पे लोडर से कोयला लोडिंग होता है. यहां का रंगदारी का पैसा किसकी जेब में जाता है. बाघमारा की अन्य कोलियरियों की तरह यहां भी हार्डकोक उद्यमियों से 650 रुपये प्रति टन रंगदारी टैक्स वसूला जाता है. विधायक ढुलू महतो के आतंक से आजिज होकर हार्ड कोक उद्यमियों ने मोर्चा खोला है. सबका एकमत है और एक ही जवाब है कि इंडस्ट्रीज बंद ही क्यों न करना पड़े, विधायक ढुलू को रंगदारी नहीं देंगे.
प्रश्न : विधायक ढुलू महतो का कहना है कि पिछले दो साल में किस उद्यमी से रंगदारी मांगी गयी है, बीएन सिंह बतायें?
बीएन सिंह : दो साल पहले विधायक ढुलू महतो खुद जोड़ाफाटक स्थित इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के कार्यालय आये थे. कुछ उद्यमियों के सामने ही 450 रुपया प्रति टन लोडिंग पर सहमति बनी थी. लेकिन कुछ माह बाद ढुलू महतो मनमानी करने लगे और सीधे दो सौ रुपया प्रति टन यानी 650 रुपया प्रति टन कर दिया. यही नहीं इ ऑक्शन बंद होने के बाद ढुलू महतो ने 650 रुपये प्रति टन से सीधे 1250 रुपया प्रति टन कर दिया. जो उद्यमी 1250 रुपये प्रति टन लोडिंग नहीं दे रहे हैं, उनकी गाड़ियों को वापस लौटा दिया जा रहा है.
प्रश्न : कानूनी नोटिस का जवाब नहीं देने पर विधायक मानहानि का केस करेंगे.
बीएन सिंह : ढुलू महतो आदतन अपराधी हैं. ऐसे अपराधियों के कानूनी नोटिस का जवाब नहीं दिया जाता है. ढुलू मानहानि की बात करते हैं, क्यों न लोडिंग की सीबीआइ जांच करा लें. दूध का दूध व पानी का पानी हो जायेगा.
माननीय हैं, कुछ भी बोल सकते हैं : मैनेजर राय
मैनेजर राय ने कहा : विधायक ढुलू महतो जी माननीय हैं. वह कुछ भी बोल सकते हैं. विधायकजी ने मुझ पर जो आरोप लगाया है, वह निराधार है. मेरे खिलाफ वर्तमान में कोयले के अवैध कारोबार से संबंधित एक भी केस नहीं है. पहले से दर्ज सभी केस कोर्ट से खारिज हो चुके हैं. मैं शुद्ध रूप से व्यवसायी हूं. अगर विधायक जी जानते हैं तो बताये कि मेरे खिलाफ कितना केस किस थाना व कोर्ट में दर्ज है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >