डीपीएस की वाइस प्रिंसिपल की पीएफ राशि लौटी

धनबाद: दिल्ली पब्लिक स्कूल की वाइस प्रिंसिपल (59 वर्षीय) इंद्राणी घोष के पीएफ खाते की राशि 28 लाख 34 हजार 52 रुपये पीएफ (भविष्य निधि) कार्यालय को वापस मिल चुकी है. पीएफ रीजनल कमिश्नर एक, रांची समरेंद्र कुमार ने बताया कि सिंडिकेट बैंक द्वारा हमारे ट्रस्ट अकाउंट में राशि लौटा दी गयी है. श्रीमती घोष […]

धनबाद: दिल्ली पब्लिक स्कूल की वाइस प्रिंसिपल (59 वर्षीय) इंद्राणी घोष के पीएफ खाते की राशि 28 लाख 34 हजार 52 रुपये पीएफ (भविष्य निधि) कार्यालय को वापस मिल चुकी है.

पीएफ रीजनल कमिश्नर एक, रांची समरेंद्र कुमार ने बताया कि सिंडिकेट बैंक द्वारा हमारे ट्रस्ट अकाउंट में राशि लौटा दी गयी है. श्रीमती घोष भी खाते को चेक कर सकती हैं. वाइस प्रिंसिपल के खाते से इस बड़ी राशि की सेंधमारी का प्रयास किया गया था. इसके लिए सभी प्रक्रियाएं भी पूरी की गयी थी. मामले की शिकायत वाइस प्रिंसिपल ने पीएफ कमिश्नर से की थी. साथ ही सरायढेला थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. अब राशि वापस लौटने की सूचना से वाइस प्रिंसिपल ने राहत की सांस ली है. स्कूल के अन्य टीचर के भी खाते में सेंधमारी का प्रयास किया गया था.

क्या है मामला

वाइस प्रिंसिपल को नौ मई को मोबाइल पर एसएमएस मिला कि पीएफ खाते में जमा राशि की निकासी के लिए पीएफ, रांची कार्यालय को फॉर्म 19 मिला है. 10 मई को फिर एक एसएमएस आया कि फॉर्म 19 भुगतान के लिए स्वीकार हो गया है और राशि का भुगतान चेक द्वारा होगा, जबकि उन्होंने फॉर्म 19 भरा ही नहीं था और ना ही प्राचार्य केबी भार्गव ने ऐसे किसी फॉर्म को अग्रसारित किया था. इन दो एसएमएस ने ही वाइस प्रिंसिपल की नींद उड़ा दी थी. उल्लेखनीय है कि वाइस प्रिंसिपल स्कूल से जनवरी 2015 में सेवानिवृत्त होंगी.

खुला था खाता

भागलपुर स्थित सिंडिकेट बैंक में वाइस प्रिंसिपल के नाम से बैंक खाता भी खोलवा लिया गया था. इसी खाते में इपीएफओ से संचित राशि 28 लाख 34 हजार 50 रुपये हस्तांतरित कर दिये गये थे. इसी खाते को अब सिंडिकेट बैंक द्वारा पीएफ कार्यालय को वापस किये गये हैं.

रुपये वापस आने से खुश हूं

मेरे पीएफ की राशि वापस आ चुकी है और इस बात की खुशी भी है, लेकिन दोषी अबतक पकड़ में नहीं आये हैं. चाहती हूं मामले में जो भी दोषी हैं, उन्हें खोज निकाला जाये. पता चलना चाहिए कौन दोषी है और इसमें किनकी मिलीभगत है.

इंद्राणी घोष, वाइस प्रिंसिपल, दिल्ली पब्लिक स्कूल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >