धनबाद : टुंडी विधायक राजकिशोर महतो द्वारा कम दर पर टेंडर आवंटन के विरोध का बिल्डर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने स्वागत व समर्थन किया है. सोमवार को बिल्डर्स एसोसिएशन की कंबाइंड बिल्डिंग परिसर में संगठन के अध्यक्ष विद्या सागर भट्ट की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में टुंडी के विधायक के बयान को भ्रष्टाचार के विरुद्ध सटीक कदम बताया गया.
साथ ही इसमें सहयोग करने का निर्णय लिया गया. वक्ताओं ने कहा कि संवेदक कोई एनजीओ या धर्मशाला तो नहीं चला रहे हैं जो बिना लाभ के काम करें. मजबूरी में कम रेट पर टेंडर लेते हैं. संगठन पहले भी इसका विरोध करते रहा है. पूर्व में अर्जुन मुंडा सरकार ने कम दर पर टेंडर लेने की सीमा को 15 से घटा कर 10 फीसदी तक किया था.
सरकार को इस प्रावधान को वापस लेना चाहिए. संगठन ने धनबाद के सांसद तथा दूसरे विधायकों एवं जन प्रतिनिधियों को भी टुंडी विधायक की तरह इसमें सहयोग करने की अपील की है. इसके लिए सभी को ज्ञापन दिया जायेगा. सनद हो कि प्रभात खबर ने दो सितंबर को टुंडी विधायक के बयान को प्रमुखता से प्रकाशित किया था.
