उलटा पड़ गया कांग्रेस नेता बैभव का दांव, बुरे फंसे, पांच घंटे में पुलिस ने उठाया मामले से पर्दा

धनबाद : बैभव सिन्हा के रोस्टोरेंट में फायरिंग मामले में पुलिस ने पांच घंटे के अंदर ही मामला सलटा दिया. घटना के बाद सोशल मीडिया पर लगातार वायरल होता रहा कि कांग्रेस नेता बैभव सिन्हा पर गोली चली है. बाल-बाल बचे हैं. लेकिन पुलिस जांच में कहानी पलट गयी. सिटी एसपी पीयूष पांडे ने प्रेस […]

धनबाद : बैभव सिन्हा के रोस्टोरेंट में फायरिंग मामले में पुलिस ने पांच घंटे के अंदर ही मामला सलटा दिया. घटना के बाद सोशल मीडिया पर लगातार वायरल होता रहा कि कांग्रेस नेता बैभव सिन्हा पर गोली चली है. बाल-बाल बचे हैं. लेकिन पुलिस जांच में कहानी पलट गयी. सिटी एसपी पीयूष पांडे ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की सच्चाई बता दी.
सिटी एसपी ने कहा कि शहर में कोई भी नेता या व्यवसायी कानून से ऊपर नहीं है. कानून तोड़ने वाले को सजा मिलेगी. बैभव सिन्हा ने निर्दोष युवकों को फंसाने की कोशिश की है. खुद ही फायरिंग कर युवकों पर इल्जाम लगा कर उन्हें जेल भेजने की कोशिश की है. सभी युवक निर्दोष हैं. गिरफ्तार लोगों को जेल भेजा जायेगा.
प्रतिबंधित मांस मांगने का लगाया था आरोप : बैभव सिन्हा ने युवकों पर प्रतिबंधित मांस मांगने का आरोप लगाया था. जबकि पुलिस के अनुसार ऐसा कुछ नहीं था. पुलिस के अनुसार बैभव सिन्हा ने सोची-समझी साजिश के तहत छह युवकों को फंसाने का पूरा इंतजाम कर लिया था. हालांकि अपनी गलतियों के कारण बैभव सिन्हा की चालाकी कुछ काम नहीं आ पायी.
सीसीटीवी कैमरा बंद मिला :सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस को इस बात से शक बढ़ा कि अगर युवक फायरिंग व मारपीट कर रहे थे तो बैभव ने पुलिस को फोन क्यों नहीं किया. होटल का सभी सीसीटीवी बंद क्यों था. मारपीट में जख्मी युवकों के परिजनों ने ही पुलिस को सूचना दी थी. इसी सूचना पर पुलिस होटल पहुंची थी.
बैभव सिन्हा ने कहा : धनबाद नगर कांग्रेस अध्यक्ष बैभव सिन्हा ने कहा कि पुलिस अपनी नाकामी छुपाने के लिए हम पर गलत आरोप लगा रही है. फायरिंग मुझ पर हुई, सामान मेरे होटल का तोड़ा गया और केस भी मुझ पर ही किया जा रहा है.
पुलिस को सीसीटीवी का डीवीआर मंगाकर जांच करनी चाहिए थी. सीसीटीवी बंद जरूर था. वह काफी दिनों से खराब है. हमने सीसीटीवी बंद नहीं किया था. रंजीत सिंह की हत्या में पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है. इसी मुद्दे से जनता का ध्यान हटाने के लिए पूरी घटना हम पर लाद दी गयी.
जिला कांग्रेस का आज धरना
जिला कांग्रेस शुक्रवार को रणधीर वर्मा चौक पर धरना देगी. कांग्रेस जिला अध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि जिले में गिरती विधि-व्यवस्था के खिलाफ आयोजित इस धरने में कई सीनियर नेता भाग लेंगे. हालांकि पार्टी का यह धरना नगर अध्यक्ष बैभव सिन्हा की गिरफ्तारी के विरोध में है. पर पार्टी कानूनी रूप से बै‌भव के मामले को मुद्दा नहीं बना रही है. कहा कि बैभव सिन्हा की गिरफ्तारी जल्दीबाजी में लिया गया निर्णय है.
पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोलने से कतरा रहे कांग्रेसी
धनबाद: बैभव सिन्हा की गिरफ्तारी पर जिला के कांग्रेसी मोर्चा खोलने से कतरा रहे हैं. जिलाध्यक्ष ने नपा-तुला बयान दिया है. शुक्रवार के धरना को भी बैभव की गिरफ्तारी से अलग रखा गया है. धरना को गिरती कानून व्यवस्था का हवाला दिया गया है. पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक, ओपी लाल, अजय कुमार दूबे, विजय कुमार सिंह, संतोष कुमार सिंह, अभिषेक सिंह, मदन महतो, शमशेर आलम, शंकर प्रजापति, युवक कांग्रेस अध्यक्ष, महिला कांग्रेस अध्यक्ष व अन्य विंग के अध्यक्ष समेत एक बड़ा तबका मामले पर चुप्पी साधे हुए है. गुटीय राजनीति के शिकार कांग्रेस में बैभव विरोधी खेमे में प्रसन्नता है. विरोधी गुट के नेता थाना में बैभव को देखने तक नहीं गये. ओपी लाल घटना की सूचना पर बैभव से मिलने गये थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >