घनुडीह : अपराधी घंटे भर उत्पात मचाते रहे. जाते समय कंपनी के केंपर (बोलेरो) जेएच 10 एपी- 3968 से परियोजना जा रहे चालक समेत मेंटनेंस विभाग के सात कर्मियों को दोबारी भुईयां बस्ती के पास रोक कर अपराधियों ने उनकी जम कर पिटाई कर दी. सभी को जान से मारने की धमकी दी व केंपर का शीशा तोड़ दिया. सुरक्षा गार्डों के अनुसार, लूटा गया डीजल ले जाने से रोकने के जवाब में अपराधियों ने कर्मियों को पीटा. कर्मी बेरा कंपनी कैंप से एनसी पेच पार्ट टू जा रहे थे. वे पिटाई से आंशिक रूप से घायल हो गये.
केंपर चालक नीरज कुमार ने बताया कि मेंटेनेंस कर्मी संजीत, शक्तिनाथ, प्रकाश भुईयां, छोटन भुईयां, कपिल जैसे ही दोबारी भुईयां बस्ती पीपल पेड़ के पास पहुंचे, पहले से घात लगाये करीब 20 की संख्या में डीजल लुटेरे केंपर के सामने हरवे-हथियार के साथ खड़ा हो गये. वाहन रुकते ही लाठी-डंडे से मारपीट करने लगे. पत्थर मारकर केंपर का शीशा तोड़ दिया. सभी अपराधी कपड़े से चेहरा ढंके हुए थे. अपराधियों ने धमकी दी कि अगर सुरक्षा गार्ड डीजल लूट रोकने का प्रयास किये तो कर्मियों को जान से मार देंगे. घटना के बाद कर्मियों ने कंपनी प्रबंधक साईं रेड्डी को सूचना दी.
पुलिस ने कर्मियों व सुरक्षा गार्ड से की पूछताछ
जानकारी मिलने पर झरिया इंस्पेक्टर यूएन राय दल-बल के साथ बीजीआर बेरा दोबारी कैंप पहुंचे. श्री राय ने कर्मियों व सुरक्षा गार्ड से पूछताछ की. बीजीआर प्रबंधक साईं रेड्डी ने झरिया थाना में लिखित शिकायत की है. उपेंद्र नाथ राय ने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी. साईं रेड्डी व पीआरओ विनोद सिंह ने बताया कि डीजल चोरों ने परियोजना में आतंक मचा रखा है. कंपनी को लाखों का नुकसान हो रहा है. एक सप्ताह पूर्व भी बलराम भुईयां को 70 लीटर डीजल स्कैनिया से चोरी करते हुए रंगेहाथ सुरक्षा गार्ड ने पकड़ था. उसे धनसार थाना के हवाले कर दिया गया था. उसका साथी कुंदन चौहान भागने में सफल रहा.
