धनबाद : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने कहा कि धनबाद में अवैध कोल कारोबार, कोलियरी व आउटसोर्सिंग में कोयला उठाव में रंगदारी कायम है. संगठित तरीके से बीसीसीएल के कोयले की लूट जारी है. इसमें अधिकारी और सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है. श्री मरांडी बुधवार को धनबाद परिसदन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे. उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल के शीर्ष नेताओं व पुलिस को भी रंगदारी में हिस्सा मिलता है. इसलिए पुलिस ऐसे लोगों पर कार्रवाई नहीं कर पाती है.
कोयला चोरी पर जांच कर रहे एडीजी भी मामले में कुछ नहीं कर सकते हैं. इसमें सीबीआइ जांच ही एक मात्र रास्ता है. बाबूलाल ने कहा कि आखिर पुलिस ने आउटसोर्सिंग कंपनी के प्रबंधक को धमकाने वाले ऑडियो जारी होने के बाद भी सत्ताधारी विधायक के खिलाफ एफआइआर दर्ज क्यों नहीं की. बाघमारा विधायक को किसके इशारे पर बचाया जा रहा है.
धनबाद में क्या हो रहा है यह मीडिया बता रहा है. मुख्यालय के आला पुलिस अधिकारी को धनबाद के पुलिस अधिकारियों को कार्रवाई करने के लिए नसीहत क्यों देनी पड़ रही है. मौके पर डॉ सबा अहमद, रमेश राही, सरोज सिंह, योगेंद्र यादव समेत अन्य मौजूद थे. बाबूलाल ने आरोप लगाया कि बाघमारा ही नहीं पूरे धनबाद मे गुंडा राज कायम है.
जख्मी रूपेश को देखने पीएमसीएच गये : बाबूलाल मारांडी ने धनबाद पीएमसीएच जाकर पिछले दिनों झरिया में अपराधी द्वारा फायरिंग में घायल हुए झाविमो प्रखंड उपाध्यक्ष रूपेश पासवान से मुलाकात की. कहा कि अब तक अपराधी की गिरफ्तारी नहीं होने पर झाविमो ने पुलिस की नीयत पर सवाल उठाया है.
भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों के साथ तालमेल कर लड़ेंगे चुनाव
बाबूलाल मारांडी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि उनकी पार्टी किसी दूसरे दल में विलय नहीं होगी. झाविमो कांग्रेस, झामुमो, राजद समेत तमाम विपक्षी पार्टियों के साथ मिलकर 2019 का चुनाव लड़ेगा. सीट शेयरिंग पर कोई विवाद नहीं है. मिल बैठकर सब सलटा लिया जायेगा. फिर से मुख्यमंत्री बनने की कोई लालसा नहीं, तालमेल में झारखंड हित को देखते हुए कोई भी शर्त नहीं रखी है. चुनाव के समय सीट शेयरिंग और नेतृत्व पर भी सहमति बन जायेगी.
