चितरा। थाना क्षेत्र के चितरा-दुलदुली मोड़ मुख्य सड़क पर एटीपीएल आउटसोर्सिंग कंपनी के क्रॉसिंग रोड के समीप सोमवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार युवक अशोक रजक (30) की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र के अंबा गांव निवासी श्रीमंत रजक का पुत्र था.
पूजा से लौट रहे थे तीनों भाई
जानकारी के अनुसार अशोक रजक अपने दो भाइयों संजय कुमार रजक और मंटू रजक के साथ मनसा पूजा के निमंत्रण पर जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पबिया गांव गया था. पूजा का प्रसाद ग्रहण करने के बाद तीनों शाम करीब चार बजे बाइक से अपने गांव लौट रहे थे.
बाइक फिसली, पिकअप की चपेट में आया युवक
इसी दौरान चितरा-दुलदुली मोड़ मुख्य सड़क पर क्रॉसिंग रोड के समीप बाइक फिसलने से तीनों सड़क पर गिर गए. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे पिकअप वाहन की चपेट में अशोक रजक आ गया. वाहन का पहिया उसके सीने के ऊपर चढ़ जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं, बाइक सवार संजय कुमार रजक और मंटू रजक बाल-बाल बच गए.
इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल अशोक को तत्काल सारठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया. देवघर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पुलिस ने शुरू की जांच, वाहन की पहचान हुई
घटना की सूचना मिलने के बाद चितरा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी प्रियरंजन कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर पुलिस को मिल गया है. वाहन मालिक और चालक की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
