सारवां : थाना क्षेत्र की लखोरिया पंचायत अंतर्गत देवपहरी पहाड़ी से पुलिस ने झाड़ी में लावारिस अवस्था में पड़ी एक मोटरसाइकिल बरामद की. इसी दौरान पुलिस को पहाड़ी के एक स्थान पर घनी झाड़ी से दुर्गंध आने की सूचना मिली. थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घनी झाड़ी की जांच की तो झाड़ियों के बीच से करीब 30 से 32 वर्षीय एक युवक का शव बरामद किया गया. शव की पहचान नहीं हो पायी है.
एक-दो दिन पुराना बताया जा रहा शव
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया शव एक-दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, जिससे दुर्गंध निकल रही थी. शव मिलने की खबर आसपास के क्षेत्र में फैल गयी. देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने शव को जब्त कर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना को लेकर लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं. आखिर युवक की मौत कैसे हुई और शव यहां तक कैसे पहुंचा, यह जांच का विषय है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
घटना के बाद ग्रामीणों में भय
ग्रामीणों का कहना था कि इस रास्ते से लोग पहले निर्भय होकर गुजरते थे, लेकिन इस घटना के बाद अब लोगों में भय का माहौल है.
