आशीष कुंदन, देवघर . सारवां थाना क्षेत्र के बरदही गांव में करंट की चपेट में आने से 29 वर्षीय महिला चंद्रावती देवी की मौत हो गयी . मृतका बरदही गांव निवासी राजू पुजहर की पत्नी थी . बताया जा रहा है कि घर की सफाई के दौरान महिला का संपर्क करंट प्रवाहित टेबल पंखे से हो गया था .
सफाई करते समय पंखे के संपर्क में आयी महिला
जानकारी के अनुसार, चंद्रावती देवी अपने घर की सफाई कर रही थी . इसी दौरान कमरे में रखे टेबल पंखे में करंट प्रवाहित हो रहा था . महिला को इसकी जानकारी नहीं थी . सफाई के दौरान उसका हाथ पंखे के संपर्क में आ गया, जिससे उसे जोरदार करंट का झटका लगा .
करंट लगते ही चंद्रावती मुर्छित होकर वहीं गिर पड़ी . घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गयी .
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
घटना की जानकारी मिलते ही पति राजू पुजहर और परिवार के अन्य सदस्य चंद्रावती को आनन-फानन में इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे . यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया . हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी .
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
अस्पताल प्रबंधन की ओर से घटना की सूचना बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस को दी गयी . सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया . पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया . घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है .
