सोनारायठाढ़ी. थाना क्षेत्र की ठाढ़ीलपरा पंचायत के भतकुंडी गांव में एक अज्ञात वृद्ध महिला के भटकते हुए पहुंचने से ग्रामीणों में असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गयी. ग्रामीणों ने महिला से पूछताछ की, लेकिन वह किसी प्रकार की जानकारी देने में असमर्थ रही और न ही अपनी पहचान बता सकी. स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना सोनारायठाढ़ी थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रोहित कुमार दांगी पुलिस बल के साथ भतकुंडी गांव पहुंचे और महिला से पूछताछ की, लेकिन महिला से कोई भी स्पष्ट जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी. इसके बाद पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए महिला को सुरक्षित वृद्धाश्रम, देवघर भेज दिया. इस संबंध में थाना प्रभारी रोहित कुमार दांगी ने बताया कि महिला काफी वृद्ध प्रतीत हो रही हैं, जिनकी उम्र लगभग साठ वर्ष से अधिक आंकी जा रही है. उन्होंने बताया कि महिला को सुरक्षित रूप से वृद्धाश्रम में पहुंचा दिया गया है.
भटकती बुजुर्ग महिला को पुलिस ने पहुंचाया वृद्धाश्रम
सोनारायठाढ़ी पुलिस ने लिया सहारा
