बोर्ड परीक्षा पंजीयन में बड़ा बदलाव:अब U-DISE और PEN के बिना नहीं होगा रजिस्ट्रेशन

जैक बोर्ड परीक्षा पंजीयन में बड़ा बदलाव. अब U-DISE कोड और विद्यार्थी का PEN नंबर अनिवार्य.जानें पूरी प्रक्रिया और नियम.

देवघर. बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थियों के पंजीयन को लेकर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने नया निर्देश जारी किया है. अब परीक्षा पंजीयन के दौरान प्रत्येक विद्यालय का यू-डायस कोड और प्रत्येक विद्यार्थी का स्थायी शिक्षा नंबर (पीईएन) दर्ज करना अनिवार्य होगा. विभाग का मानना है कि इससे विद्यार्थियों का सही आंकड़ा तैयार करने के साथ-साथ अपात्र और दोहरे पंजीयन पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी.

जैक सचिव को आवश्यक निर्देश जारी करने को कहा

विभागीय सचिव उमाशंकर सिंह ने झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के सचिव को पत्र भेजकर इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी करने को कहा है. नई व्यवस्था जैक से मान्यता प्राप्त सभी उच्च विद्यालयों, इंटरमीडिएट कॉलेजों, मदरसों और संस्कृत बोर्ड संस्थानों पर लागू होगी.

कक्षा आठवीं, दसवीं और बारहवीं के अलावा मध्यमा, वस्तानिया और फौकानिया समेत विभिन्न परीक्षाओं के पंजीयन में भी विद्यालय का यू-डायस कोड और विद्यार्थी का पीईएन दर्ज करना अनिवार्य होगा.

विद्यालय की पहचान यू-डायस, विद्यार्थियों की स्थायी पहचान पीईएन

विभाग के अनुसार, यू-डायस कोड विद्यालय की विशिष्ट पहचान संख्या है, जबकि पीईएन विद्यार्थी की स्थायी शिक्षा पहचान संख्या है. दोनों जानकारियों के सही तरीके से दर्ज होने से विद्यालय और विद्यार्थियों के रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने में सुविधा होगी.

विभाग का कहना है कि इस व्यवस्था से परीक्षा संबंधी आंकड़ों की विश्वसनीयता बढ़ेगी. साथ ही विद्यार्थियों से जुड़े शैक्षणिक रिकॉर्ड को बेहतर तरीके से प्रबंधित करने और शिक्षा की योजना तैयार करने में भी मदद मिलेगी.

वैध पीईएन और यू-डायस के बिना नहीं होगा पंजीयन

निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि वैध पीईएन और संबंधित विद्यालय का यू-डायस कोड दर्ज किये बिना किसी विद्यार्थी का बोर्ड परीक्षा पंजीयन नहीं किया जायेगा. ऐसे में विद्यालयों को पंजीयन प्रक्रिया शुरू करने से पहले विद्यार्थियों के पीईएन और संस्थान के यू-डायस कोड की जानकारी दुरुस्त रखने को कहा गया है.

वहीं, जिन मान्यता प्राप्त विद्यालयों के पास अभी तक यू-डायस कोड नहीं है, उन्हें तत्काल यू-डायस कोड प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि पंजीयन प्रक्रिया में दोनों जानकारियों की अनिवार्यता का पालन करना होगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजय कुमार यादव

राजेंद्र प्रसाद यूनिवर्सिटी, मुंबई से पीजी डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन की अर्हता हासिल है. प्रभात खबर से जुड़ कर बीते 21 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम किया है. फिलहाल प्रभात खबर देवघर यूनिट में वरीय संवाददाता के पद पर कार्यरत हूं. अपराध, शिक्षा, बिजली व खेल के क्षेत्र की लंबे समय से रिपोर्टिंग की है. मगर खेल के क्षेत्र में रिपोर्टिंग का अपना विशेष अनुभव है. इस दौरान कई राष्ट्रीय, अंतराष्ट्रीय खिलाड़ियों से रूबरू होकर उनका साक्षात्कार करने का अनुभव रहा है.
इ-मेल पता= ajaykyadav58@gmail.com

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >