Deoghar News : मधुपुर में साइबर ठगी के खिलाफ छापेमारी, जामताड़ा के दो समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

देवघर पुलिस ने मधुपुर क्षेत्र में साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन साइबर आरोपितों को गिरफ्तार किया है. इनमें से दो जामताड़ा जिले के रहनेवाले हैं. आरोपितों के पास से सात मोबाइल फोन और सात सिम कार्ड बरामद किये गये हैं.

वरीय संवाददाता, देवघर : देवघर पुलिस ने मधुपुर क्षेत्र में साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन साइबर आरोपितों को गिरफ्तार किया है. इनमें से दो जामताड़ा जिले के रहनेवाले हैं. आरोपितों के पास से सात मोबाइल फोन और सात सिम कार्ड बरामद किये गये हैं. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड से साइबर ठगी में संलिप्तता के साक्ष्य मिले हैं. साइबर थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. पुलिस मीडिया सेल द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश तथा साइबर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गयी. गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ साइबर अपराधी फ्लिपकार्ट और अमेजन के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक के अधिकारी तथा गूगल पर फोन-पे कस्टमर केयर बनकर लोगों को झांसा देकर ठगी कर रहे हैं. इसके अलावा पीएम किसान योजना और लोन दिलाने के नाम पर भी फर्जी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर ऑनलाइन ठगी की जा रही थी. सूचना के सत्यापन के बाद छापेमारी कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपितों में जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के ताराबहाल निवासी राजन कुमार मंडल, काशीटांड़ निवासी विकास मंडल तथा मधुपुर थाना क्षेत्र के बड़ा नवादा निवासी रोहित मंडल शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, आरोपित गूगल पे, फोन पे और पेटीएम के कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का लालच देते थे तथा फोन पे गिफ्ट कार्ड बनवाकर उसे रिडिम कर ठगी करते थे. इसके अलावा बैंकिंग सेवाओं के नाम पर भी ठगी की जाती थी. छापेमारी दल में साइबर थाना के एसआइ विशेश्वर कुमार, एएसआइ शशिभूषण राय तथा मधुपुर थाना की पुलिस टीम शामिल थी. हाइलाइट्स गिरफ्तार आरोपितों के पास से सात मोबाइल फोन व सात सिम कार्ड बरामद मोबाइल व सिम की प्रारंभिक जांच में साइबर अपराध से जुड़े साक्ष्य मिले साइबर थाना में मामला दर्ज कर तीनों आरोपितों को भेजा गया जेल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ashish kundan

आशीष कुंदन 26 वर्षों से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर, देवघर में वरीय संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. इसके पूर्व हिंदुस्तान, आज सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं. वर्ष 2012 से वे प्रभात खबर, देवघर में क्राइम बीट की खबरों को तथ्यपरक व प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. पत्रकारिता करते हुए उन्होंने वर्ष 2015 में नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री ली. साइबर अपराध और नशे की गिरफ्त में फंसते युवाओं पर लिखी गयी उनकी एक्सक्लूसिव सीरीज स्टोरी ने न सिर्फ व्यापक चर्चा बटोरी, बल्कि संबंधित मामलों में कार्रवाई भी हुई. सधी हुई लेखन शैली, जमीनी रिपोर्टिंग और विश्वसनीय खबरों के लिए वे पत्रकारिता जगत में एक अलग पहचान रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >