पालोजोरी. प्रखंड क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में पढ़ने वाली नवीं कक्षा की छात्रा सोनमुनी सोरेन (पिता: सुरेन्द्र सोरेन) को शनिवार को सांप ने डस लिया. घटना के बाद स्कूल में अफरातफरी मच गयी. स्कूल प्रबंधन ने तुरंत छात्रा को इलाज के लिए पालोजोरी सीएचसी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए दुमका मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया. शनिवार को लगभग 11 बजे छात्रा सोनमुनी सोरेन ने नाश्ता की थी और वह क्लास रूम की ओर जा रही थी. इसी दौरान उसका पैर एक सांप पर पड़ गया, जिसके बाद सांप ने उसे डस लिया. वार्डेन चंदा कुमारी ने बताया कि काटने वाले सांप की पहचान ‘हरहरिया सांप’ के रूप में की गयी है. घटना के बाद छात्रा काफी घबरा गयी थी. परिजनों को सूचना देकर उसे दुमका भेजा गया. छात्रा पालोजोरी के गादी गांव की रहने वाली है. सूचना मिलने पर मुखिया अंशुक साधु भी स्कूल पहुंचे और बच्ची को अस्पताल भेजने में मदद की. उन्होंने स्कूल परिसर में उगी झाड़ियों की साफ-सफाई कराने की मांग की. स्कूल प्रबंधन ने बताया कि छात्रा का दुमका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है.
पालोजोरी केजीबी में छात्रा को सांप ने डसा
दुमका मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी
