देवघर: आज और कल हर बूथ पर विशेष शिविर, 15 अगस्त को होगी ग्राम सभा

देवघर में मतदाता सूची सुधार के लिए आज और कल विशेष शिविर का आयोजन किया गया है। 15 अगस्त को सभी बूथों पर ग्राम सभा होगी। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।

देवघर: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को समीक्षा बैठक हुई. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और समावेशी बनाने को लेकर आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की गयी. डीसी ने बताया कि एसआईआर के तहत पांच अगस्त को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया जा चुका है.

आज और कल सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर

डीसी ने बताया कि मतदाता सूची में नये नाम जोड़ने और परिवार के सभी सदस्यों का नाम एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने की सुविधा के लिए आठ और नौ अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किये जा रहे हैं. योग्य नागरिक इन शिविरों में पहुंचकर मतदाता सूची से संबंधित अपना दावा प्रस्तुत कर सकते हैं और आवश्यक सुधार करा सकते हैं.

15 अगस्त को सभी बूथों पर होगी ग्राम सभा

दावा और आपत्ति की प्रक्रिया के तहत 15 अगस्त को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर ग्राम सभा आयोजित की जायेगी. डीसी ने योग्य नागरिकों से अपील की कि वे विशेष शिविर और ग्राम सभा में शामिल होकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने, विवरण में सुधार कराने और अन्य आवश्यक दावे-आपत्तियां प्रस्तुत करने का लाभ उठायें.

22 और 23 अगस्त को लगेगा दूसरा विशेष कैंप

मतदाताओं से दावा और आपत्ति प्राप्त करने के लिए 22 और 23 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर द्वितीय विशेष शिविर लगाया जायेगा. इसके बाद 25 अगस्त से चार सितंबर तक होम टू रोल वेरिफिकेशन का कार्य चलेगा. बीएलओ द्वारा चार सितंबर तक सभी घरों में फैमिली टूगेदर स्टीकर भी लगाया जायेगा.

राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील

बैठक में डीसी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष अभियान, दावा-आपत्ति प्रक्रिया और ग्रामसभा के दौरान मतदान केंद्रवार कार्यों में सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा पात्र मतदाता अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकें, इसके लिए सभी स्तर पर समन्वय जरूरी है. कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित नहीं रहे, इसके लिए त्रुटिरहित और समावेशी मतदाता सूची का निर्माण प्राथमिकता है.

बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सदस्य, उप निर्वाचन पदाधिकारी सागरी बराल, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मी मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >